अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 ब्यूरो
मेला पोर्टल में अभी भी गड़बड़ी, आवेदन के लिए भटक रहे हैं दुकानदार, सीएम, प्राधिकरण अध्यक्ष और संभागायुक्त से की फरियाद
ग्वालियर, 05 नवंबर। ग्वालियर मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल संयोजक उमेश उप्पल एवं संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने आज एक संयुक्त वक्तव्य में सीएम डॉ मोहन यादव, मेला प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष मंत्री चेतन कश्यप और संभागायुक्त मनोज खत्री से मांग की है कि मेला प्राधिकरण विगत दिवस व्यापारियों के धरने के बाद बनी आपसी सहमति एवं व्यापारियों को दिए आश्वासन पर हर कीमत पर कायम रहे एवं दो दिन पहले किए वादे को भूले नहीं। प्राधिकरण अपने पूर्व के आदेश को संशोधित कर मेला के विभिन्न सेक्टरों में दुकानों के ऑनलाइन आवंटन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 06 नवंबर से आगे तत्काल बढ़ाए ताकि एक भी सुपात्र दुकानदार अपने हक की दुकान से वंचित न रहे और व्यापारीविरोधी ताकतों के मंसूबे सफल नहीं हो सकें।
मेला व्यापारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि ऑनलाइन आवेदन की अन्तिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो मेला व्यापारी संघ के नेतृत्व में सभी दुकानदार अपनी एकजुटता और संघर्ष का संकल्प जताते हुए एक बार फिर से मेला प्राधिकरण मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। मेला व्यापारियों ने कहा कि मेला प्रशासन ने व्यापारियों का धरना प्रदर्शन यह ठोस आश्वासन देकर स्थगित कराया था कि सात नवंबर तक पिछले वर्ष दुकानें लगाने वाले सभी मेला व्यापारियों के नाम मेला पोर्टल पर दिखाई देने लगेंगे लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है जबकि मेला प्राधिकरण द्वारा ऑनलाइन आवेदन के लिए तय की गई अंतिम तिथि कल 06 नवंबर को ही है। ऐसी स्थिति में मेला व्यापारी असमंजश एवं अनिश्चितता के भंवर में फंसे हैं। कल अंतिम तिथि 06 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन होना मुश्किल है क्योंकि पोर्टल पर उनके नाम ही दर्ज नहीं किए गए हैं।
वादाख़िलाफ़ी न करे मेला प्राधिकरण
मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि तमाम कारणों के चलते छोटे और मझोले दुकानदारों का व्यवसाय गति नहीं पकड़ सका है ऐसी स्थिति में सरकार और प्रशासन को उनका मददगार होना चाहिए, इसके उलट उनकी मेला की दुकानें बहाने बनाकर छीनी जा रही हैं। मेला दफ्तर पर कई गरीब विधवा महिलाएं और बेरोज़गार युवा दुकान आवंटन के लिए भटकते देखे जा रहे हैं। मेला प्राधिकरण की ओर से उन्हें अभी भी संतोषप्रद जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के सभी सदस्य मेला के एक एक पात्र दुकानदार को उनका हक दिलाने के लिए संकल्पित हैं। मेला प्राधिकरण के कर्ताधर्ता वादाख़िलाफ़ी न करें वरना अंजाम तीखा होगा।
मान. मुख्यमंत्री, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष एवं संभागायुक्त से ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 06 नवंबर से आगे बढ़ाने की मांग करने वालों में ग्वालियर मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयोजक उमेश उप्पल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, सह संयुक्त अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर, हरिकांत समाधिया. पंडित विजय कब्जू, रफ़न खान, मेला दुकानदार कल्याण समिति के अध्यक्ष बलवीर सिंह खटीक, कमल सिंह जादौन, सुरेश हिरयानी, अनिल शर्मा, संजू तोमर, पप्पू शिवहरे, श्याम गुप्ता, रिजवान, गिर्राज शर्मा, बब्बन सेंगर आदि प्रमुख हैं।
निवेदक
महेन्द्र भदकारिया,
अध्यक्ष
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ, ग्वालियर



