जबलपुर, 05 नवम्बर 2025।
आज दिनांक 05 नवम्बर 2025 को प्रातः लगभग 07:45 बजे, कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर खड़ी ट्रेन संख्या 22683 यशवंतपुर – लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते हुए फिसलकर नीचे गिर गया।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात सीनियर सीसीटीसी श्री मनोज राय ने तत्काल सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए एक अन्य व्यक्ति की सहायता से उक्त यात्री को तुरंत ऊपर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। श्री मनोज राय के त्वरित एवं सराहनीय प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन मैनेजर ने ट्रेन को रोका। यात्री को सुरक्षित पाया गया और तत्पश्चात वह अपनी यात्रा जारी रख सका। इस दौरान यात्री की टिकट प्लेटफॉर्म पर गिर गई, जिसका विवरण इस प्रकार है —
PNR संख्या: 4846980262, कोच: S-6, सीट नं.: 49, 52।
ट्रेन में कार्यरत चेकिंग स्टाफ श्री उमेश दास द्वारा यात्री के परिजनों से संपर्क कर सूचना दी गई। यात्री की पहचान लखन प्रसाद यादव (मोबाइल नंबर: 8806937525) के रूप में हुई, जो सेवाग्राम जंक्शन से मानिकपुर की यात्रा कर रहे थे। यात्री को प्राथमिक उपचार हेतु सतना स्टेशन पर DYSM (Comml.) को अग्रिम सूचना दी गई।
रेल प्रशासन ने श्री मनोज राय के साहसिक एवं मानवता से परिपूर्ण कार्य की सराहना की है। ऐसे कर्मठ एवं जागरूक रेलकर्मी भारतीय रेल की सेवा भावना के उदाहरण हैं।
जन संपर्क अधिकारी
पश्चिम मध्य रेलवे,
जबलपुर मंडल


