केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में अशोकनगर सिटी प्लान और विकास कार्यों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

अतुल मल्होत्रा आज तक 24×7 ब्यूरो चीफ

तुलसी सरोवर में लगेगी 108 फुट की अष्टधातु की हनुमान जी की प्रतिमा

ट्रांसपोर्ट नगर, थीम रोड, तुलसी सरोवर सौंदर्यीकरण और चार थीम गेट बनाएंगे शहर की नई पहचान

अशोकनगर/भोपाल। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में आज (गुरुवार) अशोकनगर सिटी प्लान के अंतर्गत संचालित प्रमुख विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगभग ₹66.45 करोड़ (₹6645.85 लाख) लागत वाली विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक में अशोकनगर जिलाधिकारी, स्थानीय विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अशोकनगर का विकास केवल भौतिक संरचना तक सीमित न रहे, बल्कि यह शहर संस्कृति, पर्यावरण और नागरिक सुविधाओं के संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण बने।

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा प्राथमिकता वाले कार्यों पर अपने सुझाव साझा किए। यह भी निर्णय लिया गया कि सभी सौंदर्यीकरण परियोजनाओं में स्थानीय चंदेरी पत्थर का उपयोग किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की समृद्ध विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित हो सके।

शहर के सौंदर्य और संरचना में बड़ा बदलाव की हैं मुख्य परियोजनाएं
केन्द्रीय मंत्री ने बैठक में अशोकनगर के सुनियोजित विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी। बैठक में ग्राम मोहरीराय में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना को स्वीकृति दी गई, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹16 करोड़ होगी। यह ट्रांसपोर्ट नगर नवीन मण्डी और स्वीकृत बाईपास रोड के पास बनाया जाएगा, जिसमें लगभग 6,21,303 वर्गफुट भूमि का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही सिंधिया ने 4.1 किलोमीटर लंबी थीम रोड परियोजना पर भी चर्चा की, जिसकी लागत ₹30 करोड़ है। इस सड़क को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिसमें 3D वॉल आर्ट म्यूरल्स, सजावटी स्ट्रीट लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, पार्किंग स्थल और ईवी चार्जिंग पॉइंट्स शामिल होंगे। वॉल डिज़ाइन में सरदार वल्लभ भाई पटेल, महाराज श्रीमंत महादजी सिंधिया, सम्राट अशोक, छत्रपति शिवाजी महाराज, जैसे महान हस्तियों को शामिल किया जाएगा।

सीमाओं पर चार थीम गेट्स करेंगे पर्यटकों का स्वागत
सिंधिया ने बताया कि शहर की प्रवेश पॉइंट्स पर चार थीम द्वार भी बनाए जाएंगे, जो अशोकनगर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे। इन गेट्स का निर्माण लगभग ₹6.5 करोड़ की लागत से किया जाएगा। गुना रोड पर राजराजेश्वर मंदिर थीम गेट, ईसागढ़ रोड पर माता बीजासन कदवाया थीम गेट, विदिशा रोड पर मां जानकी करीला धाम थीम गेट और चंदेरी रोड पर थीम गेट स्थापित किए जाएंगे। बैठक में सुझाव दिए गए थीम रोड बनाने के लिए साबरमती और ग्वालियर थीम गेट का उदाहरण लिया जा सकता है।

तुलसी सरोवर के सौंदर्यीकरण पर हुई गहन चर्चा
बैठक में तुलसी सरोवर सौंदर्यीकरण परियोजना पर भी चर्चा हुई, जिसकी अनुमानित लागत ₹5.98 करोड़ है। इस योजना के तहत बोट क्लब, पार्क निर्माण, लाइटिंग, हॉर्टीकल्चर और पार्किंग जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। तुलसी सरोवर के सौंदर्यीकरण से शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यह स्थानीय लोगों के लिए एक आकर्षक मनोरंजन स्थल बनेगा। इसी परिसर में हनुमान जी की 108 फीट ऊँची अष्टधातु प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जिसकी लागत ₹5 करोड़ है और इसका निर्माण जनभागीदारी मॉडल पर किया जाएगा। प्रतिमा का आधार ‘अष्ट सिद्धि’ की अवधारणा पर आधारित होगा, जो श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।

अन्य शहरी विकास और सुरक्षा कार्य को दी गई प्राथमिकता
स्थानीय सांसद सिंधिया ने बैठक में यातायात सुधार और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी। ₹88.32 लाख की लागत से शहर के प्रमुख मार्गों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टराइज्ड साइन्स, रोड मार्किंग, रोड मार्कर्स और रंबल स्ट्रिप्स लगाई जाएँगी। नागरिक सुविधा हेतु गोपालगंज में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए चौपाटी बनाई गई है, जबकि पुराने बाजार क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग और ऑटो स्टैंड पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन की योजना पर कार्य जारी है। जलभराव रोकने के लिए नालों से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए हैं और स्थायी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह कार्य बस स्टैंड–कर्बला रोड, अंबेडकर भवन–मगरदा चौराहा और HDFC चौराहा–तारासदन स्कूल मार्ग पर किया जा रहा है।

आधुनिकता और सांस्कृतिक गौरव का संगम बने अशोकनगरः सिंधिया
बैठक के समापन में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन से अशोकनगर को एक ऐसा शहर बनाने का लक्ष्य है, जो आधुनिकता, स्वच्छता और सांस्कृतिक पहचान तीनों का संगम हो। इन कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से एक जीवंत, सुंदर और आत्मनिर्भर अशोकनगर का निर्माण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में, गुणवत्तापूर्ण तरीके से और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए, ताकि यह योजनाएँ जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास के नए आयाम स्थापित कर सकें।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

50% LikesVS
50% Dislikes