सर्वार्थसिद्धि शिलान्यास समारोह में सम्मिलित होंगे जैन बंध
छिंदवाड़ा – अहिंसा के प्रणेता परमाराध्य भगवान महावीर के 2500 वें निर्वाण वर्ष एवं गुरुदेवश्री कानजी स्वामी के पुण्य प्रभावना योग में समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट उदयपुर द्वारा भोपाल में संस्थापित एवं संचालित संस्था सर्वार्थसिद्धि का भव्य शिलान्यास समारोह 5 एवं 6 दिसंबर को होने जा रहा हैं, जिसमें छिंदवाड़ा अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के साथ पूरे देश से विद्वतगण, श्रेष्ठिजन, राष्ट्रीगणों सहित जैन बंधु हिस्सा लेंगे।
संस्था के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने बताया कि आधुनिक भोगवादी संस्कृति में बालिकाओं को वीतराग तत्वज्ञान श्रावकाचार के संस्कार देने हेतु सर्वार्थसिद्धि की स्थापना मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गत वर्ष की गई जिसमें वर्तमान में किराए के मकान 36 बालिकाएं अध्ययन कर रही हैं।
सर्वार्थसिद्धि के नए संकुल हेतु संस्था ने रायसेन रोड पर बिलखिरिया थाने के पीछे एक एकड़ भूमि खरीदी हैं जिसका विधिवत शिलान्यास शनिवार 6 दिसंबर को रखा गया हैं जिसमें मनोहारी जिन मंदिर, स्वाध्याय भवन, अतिथि भवन, छात्रावास, भोजनालय आदि का निर्माण किया जावेगा। 5 दिसंबर के सभी आयोजन तीर्थधाम ज्ञानोदय दीवानगंज में आयोजित होंगें।
सर्वार्थसिद्धि के अध्यक्ष राजकुमार शास्त्री ने बताया कि शनिवार को प्रातः 7.15 सभी साधर्मी ज्ञानोदय से सर्वार्थसिद्धि के लिए प्रस्थान करेंगे जहां 8 बजे से पूजन, ध्वजारोहण एवं अल्पाहार होगा। 9.15 से प्रवचन, 10 बजे से शिलान्यास सभा पश्चात विविध संकुलों की शिलान्यास विधि कर 12.15 बजे से साधर्मी वात्सल्य स्नेह भोज आयोजित किया गया हैं जिसमें सकल जैन समाज से सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील उपाध्यक्ष अजीत कुमार शास्त्री, महामंत्री डॉक्टर महेश जैन, कोषाध्यक्ष उमेश वालावत, मंत्री पीयूष शास्त्री सहित समस्त ट्रस्टियों द्वारा की गई है।


