*आज तक 24×7 बैरसिया से मनीष शर्मा की रिपोर्ट
ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण, रुनाहा की संस्था प्रभारी को नोटिस देकर वेतन रोका
ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य संस्थाओं में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आंकलन करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ मनीष शर्मा ने गुरुवार को बैरसिया विकासखंड की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक भ्रमण किया। जिसमें मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं के शीघ्र पंजीयन, जांचे, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की लाइन लिस्टिंग , टीकाकरण की जांच की गई।
एक दिन पूर्व ही सीएमएचओ द्वारा जिला स्वास्थ्य समिति बैठक में बैरसिया विकासखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने के निर्देश दिए थे । जिसमें विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच, शिशु स्वास्थ्य और विभागीय पोर्टल प्रविष्टि में सुधार करने हेतु कहा गया था ।
निरीक्षण के दौरान बैरसिया ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुनाहा में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ विमला राज विधाने अनुपस्थित मिली। संस्था में मरीजों को भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा था किंतु धात्री महिलाओं को पौष्टिक लड्डू नहीं दिए जा रहे थे। सीएमएचओ द्वारा संस्था प्रभारी डॉ विमला राज विधाने को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषप्रद जवाब मिलने तक अस्थाई प्रभाव से वेतन रोका गया है। जवाब असमाधान कारक होने पर कार्यवाही की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ मनीष शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थाओं के निरीक्षण के लिए शासन द्वारा परख एप्लीकेशन भी लागू किया गया है। कलेक्टर महोदय के निर्देशानुरूप सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित एवं औचक निरीक्षण करवाए जा रहे हैं।



