CEIR पोर्टल की मदद से अमरोहा पुलिस की बड़ी सफलता, 52 लाख के 250 गुम मोबाइल बराम
अमरोहा।
जनपद अमरोहा पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए गुम, खोए व चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से अमरोहा पुलिस ने करीब 52 लाख रुपये कीमत के 250 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमरोहा श्री अमित कुमार आनंद के आदेशानुसार एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश भदौरिया के निर्देशन में की गई। जनपदीय साइबर सेल व विभिन्न थाना स्तर की साइबर टीमों द्वारा CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न राज्यों व जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा दिनांक 25 दिसंबर 2025 को पुलिस कार्यालय सभागार अमरोहा में एक कार्यक्रम आयोजित कर सभी 250 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने अमरोहा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सबसे अधिक मोबाइल जनपदीय साइबर सेल (70) और थाना सैदनगली (49) द्वारा बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त नौगावां सादात, आदमपुर, हसनपुर, मंडी धनौरा, गजरौला सहित अन्य थानों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई।
सर्वाधिक मोबाइल बरामद करने पर साइबर सेल अमरोहा और थाना सैदनगली पुलिस टीम को ₹5000-₹5000 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन हुआ।
अमरोहा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, मैसेज या ऐप पर क्लिक न करें, अपनी OTP, बैंक व व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। संवाददाता जमशेद अली अमरोहा उत्तर



