निगमायुक्त ने की राजस्व विभाग की समीक्षा, दिए राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देशग्वालियर दिनांक 31 दिसम्बर 2025-नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के विभिन्न बाजारों में रिक्त निगम की ऐसी दुकानें जिनके लिए पांच बार टेंडर किए जा चुके हैं। उन्हें अब नियमानुसार किराये पर देने की कार्यवाही करें। जिससे दुकानों का लाभ आम नागरिकों को मिल सके और निगम को भी आय प्राप्त हो सके। बैठक में अपर आयुक्त श्री प्रदीप तोमर, नोडल अधिकारी राजस्व श्री अनूप लिटोरिया सहित अन्य सभी अधिकारी एवं राजस्व कर संग्रहक उपस्थित रहे।
निगमायुक्त श्री संघ प्रिय ने क्षेत्रवार निगम की रिक्त दुकानों की जानकारी ली जिसमें संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 183 दुकानें रिक्त हैं तथा अनेक दुकानों के लिए पांच बार टेंडर आमंत्रित कर चुके हैं, लेकिन अभी तक दुकान आवंटित नहीं हो सकी। जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को ऐसी दुकानों को किराये पर देने हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य जो दुकानें रिक्त हैं उनके लिए भी टेंडर आदि की जो भी प्रक्रिया होनी है उसे तत्काल पूर्ण करें।
बैठक में लीज नवीनीकरण की चर्चा की गई तथा राजस्व विभाग की वसूली को लेकर भी चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि राजस्व विभाग का वार्षिक वसूली लक्ष्य 24.52 करोड है, लेकिन इसके एवज में 5.24 करोड वसूली हो सकी है। जिसको लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली के लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि निगम की दुकान, पीडी, चबूतरों से राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न हो तथा वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करें। वसूल में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। वहीं वसूली कार्य में लापरवाही करने पर कर संग्रहक आशीष सोन पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि जो दुकानदार किराया न दे तत्काल उसकी दुकान पर ताला बंदी करें तथा प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को वसूली हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
इसके साथ ही ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि पुराने ट्रेड लाइसेंस हर हाल में शत प्रतिशत रिनुअल हों तथा अधिक से अधिक नवीन लाइसेंस बनाये जाएंे, इस हेतु अपर आयुक्त साप्ताहिक समीक्षा करें। इसके साथ ही निगम की पार्किंग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो पार्किंग निगम द्वारा संचालित की जा रही हैं, उनमें वरिष्ठ अधिकारी मॉनिटरिंग करें तथा रिपोर्ट बनाकर दें, कि अधिक वसूली के लिए क्या कार्यवाही की जाए।
हुजरात मार्केट की रिक्त 53 दुकानें दी जाएगी किराये पर
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हुजरात मार्केट की रिक्त 53 दुकानें जिनके पांच बार विधिवत टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं, ऐसी दुकानों को किराये पर देने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें। जिससे निगम की आय में वृद्धि हो सके।
सूचना क्र./1771/


