सड़क सुरक्षा माह के तहत अमरोहा में अतिक्रमण हटाओ अभियान
गजरौला क्षेत्र में पुलिस की सख़्त कार्रवाई, यातायात हुआ सुचारू
अमरोहा।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद अमरोहा में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से थाना गजरौला एवं यातायात पुलिस अमरोहा द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अमरोहा श्री अमित कुमार आनंद (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक थाना गजरौला श्री मनोज कुमार एवं प्रभारी यातायात अमरोहा श्री अनुज मलिक द्वारा अपनी टीम के साथ गजरौला कस्बा एवं हसनपुर रोड क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं मुख्य मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रही रेड़ी, ठेले एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने की सख़्त हिदायत दी गई।
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यातायात को सुचारू बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्रदान करना है।अमरोहा पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
संवाददाता जमशेद अली अमरोहा उत्तर प्रदेश


