औरैया ब्यूरो राम. चंद्रा
औरैया 13 फरवरी 2026 – जिलाधिकारी डा0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को जनपद में सकुशल शांतिपूर्ण एवं सुचिता पूर्ण व नकल विहीन संपन्न कराए जाने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ आयोजित बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापकों की होगी तथा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी नकल या गड़बड़ी की शिकायत मिली तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि परीक्षा में दी गई जिम्मेदारी को पूरी सजगता के साथ निभाते हुए अंजाम दे और आपसी समन्वय के साथ किसी आने वाली चुनौती को निष्पक्ष होकर निस्तारित करे जिससे परीक्षा की सुचिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सभी लोग जिम्मेदार है इसमें किसी प्रकार की कोई शिथिलता और अनियमितता न हो इसलिए निर्धारित समय और व्यवस्थाओं सहित परीक्षा को सम्पन्न कराये। जिलाधिकारी ने समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि जिनके द्वारा अभी तक अपने नामित परीक्षा केंद्र पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई है वह प्रत्येक दशा में उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा नकल बिहीन संपन्न कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराये अगर कोई समस्या है तो एक दिन पूर्व ही अवगत कराये और परीक्षा के दौरान मुख्यालय पर ही रहे यह आप लोग सुनिश्चित करें, प्रत्येक दशा में हम लोगों को जनपद में बोर्ड परीक्षाएं नकल विहीन, सुचिता पूर्ण संपन्न कराना है। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा संचालित रहे एवं डीवीआर सही तरह से चले इसका आप विशेष ध्यान दें इसके अलावा शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, फर्नीचर, बाउंड्री वॉल बैठने की समुचित व्यवस्था कराई जाए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि पूर्व में ही सभी परीक्षा केंद्रों का आप लोग भ्रमण अवश्य कर ले। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतया प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि जो परीक्षा संपन्न कराने के लिए बोर्ड द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं उसी के अनुसार परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना है उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से संचालित रहे इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सभी केंद्र प्रभारियों/ व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर सभी लगाए गए कार्मिक परिचय पत्र के साथ ड्यूटी करें और कोई भी अवांच्छित व्यक्ति परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के एक किलोमीटर के अंतर्गत फोटोकॉपी मशीन संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों को तभी जाने दें जब सभी प्रपत्र संकलित कर लिए जाए। परीक्षा हेतु शस्त्र पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि पूर्व में भी आप लोगों द्वारा बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न कराई गई है बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक संपन्न कराई जाएगी। परीक्षाएं प्रथम पाली में प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं द्वितीय पाली में अपरान्ह 02:00 बजे से 05:15 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। जनपद में कुल 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं हाई स्कूल में 20878 परीक्षार्थी एवं इंटरमीडिएट में 19886 परीक्षार्थी, कुल 40764 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में कंट्रोल रूम की स्थापना जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ककोर मुख्यालय में की गई है, जिसके प्रभारी अधिकारी जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी है, कंट्रोल रूम का नंबर- 7350734134 है। परीक्षा संबंधी किसी भी समस्या के लिए संपर्क कर अवगत कराये ताकि समस्या का निराकरण किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे ।



