चंबल प्रोजेक्ट के कार्यों को बरसात से पहले पूर्ण करें – सांसद श्री कुशवाह

चंबल प्रोजेक्ट के कार्यों को बरसात से पहले पूर्ण करें – सांसद श्री कुशवा

चंबल प्रोजेक्ट एवं एलीवेटेड रोड निर्माण के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

ग्वालियर 16 मई 2026/ ग्वालियरवासियों को चंबल नदी से पानी लाने के लिये संचालित चंबल प्रोजेक्ट का कार्य तीव्र गति से किया जाए। बरसात से पहले पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ अन्य कार्यों को भी तेजी के साथ किया जाए। क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने शनिवार को चंबल प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।
नगर निगम के बाल भवन सभागार में चंबल प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव सहित लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, चंबल प्रोजेक्ट के अधिकारी एवं निगम के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र सिंह तोमर, श्री राजू पलैया भी उपस्थित थे।
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह में प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान कहा है कि प्रोजेक्ट से जुड़े हुए सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रोजेक्ट का काम निर्धारित समय-सीमा में किया जाए, कंपनी को और समय नहीं दिया जायेगा। समीक्षा के दौरान एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां पर भी अतिक्रमण है उसको तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जो भी स्वीकृति अपेक्षित है उसे विभाग के माध्यम से तत्परता से उपलब्ध कराई जाए ताकि प्रोजेक्ट के काम में किसी प्रकार का विलंब न हो। साथ ही ऐसे विद्युत पोल जो कार्य में बाधक हैं उनको भी तत्परता से शिफ्ट करने का कार्य किया जाए।
क्षेत्रीय सांसद श्री कुशवाह ने चंबल प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों को भी कहा है कि कार्यों को तीव्र गति के साथ बरसात से पूर्व किया जाए ताकि बरसात के दौरान कार्यों में दिक्कत न आए।

एलीवेटेड रोड निर्माण की समीक्षा

सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने चंबल प्रोजेक्ट के साथ-साथ ग्वालियर में निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बरसात से पूर्व नाले में जमा मिट्टी को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए। बरसात के दौरान आम जनों को परेशानी न आए इसके लिये सीवर संधारण का कार्य नगर निगम एवं एलीवेटेड रोड निर्माण की एजेंसियां समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य को तीव्र गति के साथ करें ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या न आए।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने चंबल प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य को बरसात से पूर्व करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

सांसद श्री कुशवाह ने किया निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के कार्य का निरीक्षण

सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने शनिवार को सुबह हनुमान बांध पहुँचकर एलीवेटेड रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने बारिश के मौसम से पूर्व सीवर की सफाई करने एवं रास्तों से मिट्टी हटाने जैसे कार्यों के प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए ताकि आमजनों को आवागमन में असुविधा न हो एवं निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता न करने और तय समय सीमा में काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी ।
निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, पार्षद श्री भूपेंद्र सिंह कुशवाह, मंडल अध्यक्ष श्री विनय शर्मा, श्री सत्यपाल जादौन, महामंत्री श्री राजू पलैया, श्री धर्मेंद्र (बिट्टू) तोमर, उपाध्यक्ष श्री विकास साहू, श्री देवेंद्र कौरव, श्री जीतू घुरैया, श्री वीरेंद्र खटीक, श्री अमित बंसल, कार्यपालन यंत्री ब्रिज श्री जोगेंद्र यादव, एसडीओ श्री अनिल श्रीवास्तव, सब इंजीनियर श्री रामनिवास राजपूत व प्रोजेक्ट मैनेजर श्री मुकेश सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/113/26

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes