उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कॉम्बिंग गश्त में 195 वारंटी और हत्या के 4 गंभीर फरार आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन जिले में बीती रात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए व्यापक कॉम्बिंग गश्त की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चली इस रात्रिकालीन सघन मुहिम में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान सड़कों पर उतरे। इस दौरान पुलिस टीमों ने जिलेभर में एक साथ दबिश देकर 85 स्थाई वारंट और 110 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 195 वारंटियों को धर दबोचा। इसके साथ ही 5 वसूली वारंट पर भी कार्रवाई की गई। अभियान की सबसे बड़ी सफलता हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 4 गंभीर आरोपियों की गिरफ्तारी रही। इनमें थाना पावसा क्षेत्र से हत्या के प्रयास के आरोपी बंटी उर्फ युवराज और रणजीत सिंह, थाना बड़नगर क्षेत्र से हत्या के मामले का आरोपी आदर्श शाह तथा थाना माकड़ौन क्षेत्र से हत्या के प्रयास का फरार आरोपी धर्मेंद्र गुर्जर शामिल हैं, जिन्हें रात में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दबोचा गया। इसके अलावा पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिले के 150 से अधिक निगरानी, गुंडा व चाकूबाज बदमाशों के घर-घर जाकर 6उनकी चेकिंग और भौतिक सत्यापन किया। गंभीर अपराधों में संलिप्त 20 से अधिक अपराधियों की विशेष निगरानी की गई और 50 से अधिक जिला बदर आरोपियों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस की इस चौतरफा और सख्त रात्रिकालीन कार्रवाई से जहां अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।