बिरलाग्राम झुग्गी बस्ती में जल संकट गहराया, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने नपा सीएमओ को लिखा पत्
नागदा जं. निप्र। भीषण गर्मी के बीच बिरलाग्राम झुग्गी बस्ती में पेयजल समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी बिरलाग्राम मंडल के उपाध्यक्ष शंकरलाल प्रजापत ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद नागदा को पत्र प्रेषित कर क्षेत्र में पर्याप्त जल प्रदाय सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था में भेदभाव किया जा रहा है, जिससे हजारों परिवार परेशान हैं।
पत्र में बताया गया कि नागदा मंडी क्षेत्र में नियम अनुसार सुबह एवं शाम दोनों समय जल प्रदाय किया जाता है, जबकि बिरलाग्राम झुग्गी बस्ती में लगभग 25 से 30 हजार परिवार निवास करते हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में केवल एक समय ही पानी की सप्लाई की जाती है और वह भी मात्र 15 मिनट तक सीमित रहती है। कम समय तक पानी आने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की कमी से झुग्गी बस्ती के रहवासियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। क्षेत्र में आबादी अधिक होने के कारण वर्तमान जल प्रदाय व्यवस्था पूरी तरह अपर्याप्त साबित हो रही है। महिलाओं एवं बच्चों को विशेष रूप से पानी भरने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
भाजपा नेता शंकरलाल प्रजापत ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि बिरलाग्राम झुग्गी बस्ती की समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में पर्याप्त एवं नियमित जल प्रदाय सुनिश्चित किया जाए, ताकि हजारों परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को सभी क्षेत्रों में समान रूप से जल वितरण व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जिससे किसी भी क्षेत्र के नागरिकों के साथ भेदभाव की स्थिति उत्पन्न न हो।



