लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
इं० दूधनाथ बने ओबरा तापीय परियोजना के नए मुख्य महाप्रबंध
सुरक्षित एवं आर्थिक उत्पादन संचालन को दी प्राथमिकता
सोनभद्र ओबरा, 31 मई 2026।यू.पी. राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में निगम के वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं० दूधनाथ ने शनिवार अपराह्न मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह दायित्व सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक इं० राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के स्थान पर संभाला।
आदेशानुसार इं० दूधनाथ को मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार सौंपे जाने के साथ-साथ मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के जनपद बस्ती निवासी इं० दूधनाथ विद्युत उत्पादन क्षेत्र के अनुभवी एवं तकनीकी रूप से दक्ष अभियंता माने जाते हैं। उनका जन्म 13 जुलाई 1967 को हुआ। प्रारम्भिक शिक्षा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण में प्रथम श्रेणी से स्नातक उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2008 में उन्होंने भारत सरकार के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी हासिल की।
इं० दूधनाथ ने 29 दिसम्बर 1989 को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। लगभग साढ़े तीन दशक के कार्यकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, उत्पादन प्रबंधन एवं दक्षता संवर्धन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया।
उनकी व्यावसायिक यात्रा सहायक अभियंता से शुरू होकर अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता (स्तर-2) एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) जैसे उच्च पदों तक पहुँची। वर्ष 2014 में अधीक्षण अभियंता पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना की विभिन्न उत्पादन एवं अनुरक्षण इकाइयों का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यालय लखनऊ में मुख्य अभियंता (थर्मल ऑपरेशन) तथा आर एंड एम इकाई का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला।
वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना में मुख्य अभियंता के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ दीं। इस दौरान आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने अनपरा ‘बी’ एवं मुख्य महाप्रबंधक, अनपरा का अतिरिक्त कार्यभार भी सफलतापूर्वक निभाया।
उत्कृष्ट कार्यक्षमता एवं तकनीकी नेतृत्व के आधार पर उन्हें 30 अप्रैल 2026 को मुख्य अभियंता (स्तर-1) पद पर पदोन्नत करते हुए ओबरा तापीय परियोजना में नियुक्त किया गया था।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं० दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार लाना तथा निगम की ऊर्जा उत्पादन संबंधी अपेक्षाओं को पूरा करना होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया।
ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इं० दूधनाथ का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।



