*उज्जैन: हत्या-जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी 15 माह बाद गिरफ्तार, नीलगंगा पुलिस को बड़ी कामयाबी
*उज्जैन (31 मई)।* नीलगंगा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 15 महीने से फरार चल रहे हत्या और जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ अमन सांडिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
*क्या था मामला*
मार्च 2025 में संजय नगर इलाके में हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने रोहित डोडियार नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वहीं बीच-बचाव करने आए कान्हा और शिव पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से आरोपी अभिषेक फरार चल रहा था। पुलिस ने मामले के अधिकांश आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया था, लेकिन अभिषेक लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
*ऐसे पकड़ा गया आरोपी*
31 मई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर थाना प्रभारी तरुण कुरिल के नेतृत्व में नीलगंगा पुलिस टीम ने संजय नगर स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर 25 वर्षीय अभिषेक सांडिया को धर दबोचा।
थाना प्रभारी तरुण कुरिल ने बताया कि आरोपी पर हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



