लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
* *चोपन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के सामान के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार
सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन स्टार्टर और एक मिनी ट्रांसफार्मर बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 6 जून 2026 को ग्राम कोठा टोला क्षेत्र में की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत चोपन पुलिस को यह सफलता मिली। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा द्वारा की जा रही थी।
थाना चोपन में पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 218/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोठा टोला में दबिश देकर दो महिलाओं को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए तीन स्टार्टर और एक मिनी ट्रांसफार्मर बरामद किया। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मिनी कोल पत्नी राजन सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष) तथा रबिया बीबी पत्नी इस्तेखार खां (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी भलुवा टोला, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बरामद सामान के संबंध में जानकारी दी है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल शिवशरण राम, हेड कांस्टेबल छोटेलाल और महिला कांस्टेबल शैलजा सिंह भी शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



