महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का द्वितीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्
ग्वालियर जिला कराटे डेवलपमेंट एसोसिएशन एवं साहस वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का द्वितीय दिवस चैंपियंस मार्शल आर्ट एंड फिटनेस क्लब, शिवाजी पार्क में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान प्रतिभागी महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर ग्वालियर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आदरणीय श्री शिववीर सिंह भदौरिया जी ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनके उत्साह और सीखने की लगन की सराहना की। श्री भदौरिया ने इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिविर में विश्वामित्र एवं विक्रम अवार्डी सेंसई परितोष शर्मा, नेशनल क्वालिफाइड जज वीरेंद्र कुशवाहा, गीता दास, नेहा वर्मा एवं लिली शर्मा द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में उपयोगी आत्मरक्षा तकनीकों, सतर्कता एवं आत्मविश्वास के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ग्वालियर जिला कराटे डेवलपमेंट एसोसिएशन एवं साहस वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह शिविर शहर की महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता कर प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त किया। संस्था ने अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं से इस निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।



