जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह आधारित जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव प्रस्तुत।*

*जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह आधारित जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव प्रस्तुत।

*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।*

 

*सोनभद्र।* तेजस्वी संगठन न्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से शिष्टाचार भेंट कर संस्था का परिचय पत्र सौंपा। साथ ही किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु तैयार एक व्यापक जनपद विकास मॉडल प्रस्ताव भी दिया।

 

भेंट में इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि तेजस्वी संगठन न्यास ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन, महिला उद्यमिता, स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था की प्रमुख पहल “तेजस्वी किसान मार्ट” किसानों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन से जोड़ रही है।

 

जिलाधिकारी को दिए गए मॉडल प्रस्ताव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से जनपद के प्रत्येक विकासखंड में “तेजस्वी किसान मार्ट” स्टोर स्थापित करने की कार्ययोजना रखी गई। इस मॉडल का उद्देश्य स्थानीय कृषि एवं ग्रामीण उत्पादों के लिए स्थायी विपणन व्यवस्था बनाना, महिला समूहों की आय बढ़ाना तथा ग्रामीण युवाओं को रोजगार व उद्यमिता के अवसर देना है।

 

प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक विकासखंड के स्टोर, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और एफपीओ द्वारा उत्पादित आटा, दाल, चावल, श्रीअन्न, मसाले, सरसों तेल, गुड़, अचार, मुरब्बा, खाद्य प्रसंस्कृत उत्पाद एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के विपणन केंद्र बनेंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

इंजी. प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि इस मॉडल की व्यावहारिक सफलता विकासखंड करमा की ग्राम पंचायत खुटहनिया में देखी जा सकती है। यहाँ लक्ष्मी गणेश आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “तेजस्वी किसान मार्ट” का 9वाँ स्टोर महिला समूहों के सहयोग से सफलतापूर्वक चल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यह मॉडल केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक समग्र प्रयास है। यह पहल “वोकल फॉर लोकल”, “आत्मनिर्भर भारत” और “लखपति दीदी” जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी बल देगी।

 

इस अवसर पर तेजस्वी न्यूज़ लाइव के ब्यूरो चीफ कमलेश पाण्डेय भी उपस्थित रहे। बैठक में जनपद के किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक उत्थान तथा ग्रामीण विकास की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई।

 

संस्था ने आशा व्यक्त की, कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से यह मॉडल सोनभद्र के प्रत्येक विकासखंड में लागू होकर किसानों, महिला समूहों और युवाओं के लिए आर्थिक समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in