बारिश से पहले सचिन तेंदुलकर मार्ग को करें मोटरेव
मल्टीलेवल कार पार्किंग में डिवाटिरिंग कार्य करें प्रारंभ
निगमायुक्त ने दिए निर्माण कार्यों को तेज करने के सख्त निर्देश
ग्वालियर दिनांक 15 जून 2026 -बारिश से पहले हर हाल में सचिन तेंदुलकर मार्ग को मोटरेवल किया जाए, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पडे। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने सचिन तेंदुलकर मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को दिए। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने शहर में चल रहे निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। साथ ही वार्ड क्रमांक 19 एवं 20 में बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने आज सुबह कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त ने कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर निगम आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 19 में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों और सीवर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी बारिश को देखते हुए नालों और सीवर लाइनों की सफाई का कार्य तेज करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। नगर निगम आयुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों के सीवर चेंबरों को खुलवाकर देखा, जिससे उनकी सफाई की स्थिति देखी जा सके।
इसके पश्चात उन्होंने सचिन तेंदुलकर मार्ग निरीक्षण किया। सचिन तेंदुलकर मार्ग के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य को तय समय सीमा में कार्य को पूर्ण करने के साथ सड़क निर्माण के दौरान संबंधित अधिकारियों को वह सभी जरूरी प्रावधान करने के निर्देश दिए जिससे आम लोगो को इस रोड से निकलने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
इसके बाद निगमायुक्त ने महाराज बाड़ा स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग के निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द डिवाटरिंग प्रोसेस को शुरू किया जाए। जिससे निचले तल पर भरे पानी को निकाला जा सके। साथ ही उन्होंने कार्य को पूर्ण करने के लिए जो समय सारणी बनाई गई है उसके अनुसार निर्माण कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने महाराज बाडा स्थित नवनिर्मित इंडस्ट्रियल म्यूजियम का भी मुआयना किया। निरीक्षण में उन्होंने म्यूजियम में चल रहे अंतिम वॉल पेंटिंग के कार्य का निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द म्यूजियम के अंतिम फिनिसिंग कार्य को पूर्ण कर इसके ओएंडएम के तहत किये जाने वाले प्रावधानों के कार्य को पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री पवन सिंघल, श्री सुरेश अहिरवार, श्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सिटी प्लानर श्री महेंद्र अग्रवाल, सहायक यंत्री श्री रजनीश गुप्ता, श्री अमित गुप्ता सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी मौजूद थें।
तरूण विहार के नाले का मुहाना करें चौडा
वार्ड क्रमांक 20 स्थित तरूण विहार नाला का क्षेत्रीय पार्षद श्री प्रमोद खरे एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि नाला का मुहाना संकरा है, जिसके कारण जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। ऐसे में नगर निगम आयुक्त ने जलभराव की स्थिति को खत्म करने के लिए सभी उपाय करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सूचना क्र./943/



