डायल-112 की कॉल रिकॉर्डिंग से खुला साधु की हत्या का राज, आरोपी कौशिक सोनी पुलिस गिरफ्त मे
उज्जैन के थाना चिमनगंज मंडी अंतर्गत मंगलनाथ क्षेत्र में हुई साधु गंगेश्वर गिरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, 17 जून को रतलाम निवासी उनके भाई अनिल कुमार जोशी को कुटिया पर सामान बिखरा मिला और पता चला कि साधु की 11 जून को ही मौत हो चुकी है और उन्हें समाधि दे दी गई है। संदेह होने पर पुलिस ने समाधि से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें सीने पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब तकनीकी जांच और मृतक के मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाले, तो सामने आया कि घटना के दिन साधु ने स्वयं डायल-112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि मामूली विवाद में शिवांश पैराडाइज निवासी कौशिक सोनी नामक युवक ने उन पर पानी की केन फेंककर मारी थी, जिससे उनके सीने में गंभीर चोट आई थी। डायल-112 की शिकायत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिमनगंज मंडी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी कौशिक सोनी को अभिरक्षा में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



