पुलिस की विवेचना को मिलेगा नया आयाम- ग्वालियर जिले के विवेचना अधिकारियों को आईजी ग्वालियर ने ई-टैबलेट किये वितरित*

*पुलिस की विवेचना को मिलेगा नया आयाम- ग्वालियर जिले के विवेचना अधिकारियों को आईजी ग्वालियर ने ई-टैबलेट किये वितरित*

🔴 *आईजी ग्वालियर ने कहा – तकनीक आधारित विवेचना से बढ़ेगी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं गति।*

🔴 *एसएसपी ग्वालियर बोले – डिजिटल पुलिसिंग समय की आवश्यकता, पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय।*

🔴 *घटनास्थल से ही ऑनलाइन होगी ई-टैबलेट के माध्यम से विवेचना की कार्यवाही, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता में होगा उल्लेखनीय सुधार।*

 

ग्वालियर, दिनांक 27.06.2026। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा पुलिस विभाग को आधुनिक, तकनीक-सक्षम एवं पारदर्शी बनाने तथा ई-विवेचना प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से प्रदेश के विवेचना अधिकारियों को ई-टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्वालियर जिले को विवेचना अधिकारियों के लिये अभी तक कुल 650 ई-विवेचना टैबलेट प्रदाय किये गये हैं।

 

आज दिनांक 27 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, ग्वालियर सभागार में आयोजित प्रशिक्षण एवं वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन श्री अरविन्द कुमार सक्सेना(भापुसे) द्वारा जिले के समस्त सीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारियों एवं थानों के विवेचना अधिकारियों को ई-टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल, जिले के समस्त सीएसपी/एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन श्री अरविन्द कुमार सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की विवेचना में आधुनिक तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से विवेचना संबंधी समस्त कार्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपादित किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि टैबलेट के माध्यम से घटनास्थल पर ही आवश्यक जानकारी दर्ज करना, दस्तावेज अपलोड करना, डिजिटल साक्ष्यों का संकलन, केस डायरी तैयार करना तथा विवेचना की प्रगति का ऑनलाइन अद्यतन करना अधिक सरल एवं त्वरित होगा।

 

आईजी श्री सक्सेना ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विवेचना अधिकारी द्वारा नियमित रूप से टैबलेट का उपयोग सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सभी अधिकारी तकनीक में दक्ष हो सकें तथा ई-विवेचना प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त सीएसपी एवं एसडीओपी अपने-अपने अधीनस्थ थानों में ई-विवेचना की नियमित समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक विवेचना में डिजिटल प्रणाली का अधिकतम उपयोग हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिजिटल माध्यम अपनाने से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, समय की बचत होगी तथा न्यायालयीन कार्यवाही के लिए आवश्यक दस्तावेजों का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण संभव हो सकेगा।

 

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह ने कहा कि बदलते समय के अनुरूप तकनीक आधारित पुलिसिंग को अपनाना समय की आवश्यकता है। ई-विवेचना टैबलेट पुलिसिंग को अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग न केवल विवेचना की गुणवत्ता एवं गति को बढ़ाएगा, बल्कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रत्येक विवेचना अधिकारी को घटनास्थल से ही आवश्यक जानकारी, साक्ष्य एवं दस्तावेज डिजिटल माध्यम से तत्काल अपलोड करने चाहिए, जिससे विवेचना में अनावश्यक विलंब समाप्त होगा तथा संपूर्ण कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।

 

*विवेचना अधिकारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण*- कार्यक्रम के दौरान सीसीटीएनएस शाखा के अधिकारियों द्वारा ई-विवेचना टैबलेट के संचालन, ई-विवेचना एप्लीकेशन के उपयोग, डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन, ऑनलाइन प्रविष्टियों तथा अन्य तकनीकी सुविधाओं के व्यावहारिक उपयोग के संबंध में ग्वालियर जिले के पुलिस अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 

*ई-विवेचना टैबलेट की प्रमुख विशेषताएं* –

● डिजिटल केस डायरी- विवेचना अधिकारी घटनास्थल से ही केस डायरी तैयार कर ऑनलाइन प्रपत्रों की प्रविष्टि कर सकेंगे।

● डिजिटल साक्ष्य संकलन- घटनास्थल के फोटो, वीडियो एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से अपलोड किया जा सकेगा।

● रियल-टाइम अपडेट- ई-विवेचना ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जांच से संबंधित समस्त जानकारी सीधे सर्वर पर रियल-टाइम में अपडेट होगी।

● त्वरित एवं पारदर्शी विवेचना- डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से विवेचना में गति, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण संभव होगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in