न्यूज़ रिपोर्टर मोहित संघी
जबलपुर में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक हाथ कैंप का आयोजन, प्रथम अंश फाउंडेशन की नई पहल
जबलपुर। शहर की सामाजिक संस्था प्रथम अंश फाउंडेशन ने दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मान का नया अध्याय जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक हाथ (बायोनिक/इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक हैंड) कैंप आयोजित करने की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य दुर्घटना, बीमारी या जन्मजात कारणों से हाथ खो चुके लोगों को आधुनिक तकनीक से बने इलेक्ट्रॉनिक हाथ उपलब्ध कराना है।
संस्था के अध्यक्ष राघवेंद्र दत्त तिवारी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह अभियान केवल कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक तकनीक से तैयार कृत्रिम हाथ लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाने में सहायक होंगे।
संस्था द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पहल समाज के उन लोगों के लिए है जिन्होंने किसी दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य कारणों से अपना हाथ खो दिया है। कैंप में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उनकी आवश्यकतानुसार इलेक्ट्रॉनिक हाथ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रथम अंश फाउंडेशन ने बताया कि संस्था लंबे समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित करती रही है। अब इस नई पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों को आधुनिक तकनीक का लाभ दिलाकर उन्हें सामान्य जीवन जीने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
संस्था ने ऐसे सभी जरूरतमंद लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना पंजीयन कराकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं। साथ ही समाजसेवियों एवं आम नागरिकों से भी इस मानवीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।



