उज्जैन में फर्जी बिलिंग का बड़ा खेल बेनकाब, ब्रांडेड डेयरी के नाम पर हो रही थी पनीर सप्ला
उज्जैन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड डेयरी के नाम पर फर्जी बिलिंग कर पनीर सप्लाई करने वाले युवक का भंडाफोड़ किया है। महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित चौबीस खंभा माता मंदिर के पीछे एक होटल में दबिश के दौरान अतुल बढ़वार नामक युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि वह नागझिरी की यशोदा डेयरी से साधारण पनीर खरीदकर शहर के होटलों में सप्लाई करता था, लेकिन बिल फ्रीगंज की प्रसिद्ध मधुर डेयरी के नाम से देता था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से पनीर जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। साथ ही पुराने बिल और खाद्य लाइसेंस भी तलब किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। अब लैब रिपोर्ट के आधार पर मिलावट और जालसाजी के मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में महाकाल थाना पुलिस को भी सूचना दी जा रही है।



