उज्जैन में ससुर ने निभाया पिता का फर्ज, विधवा बहू की कराई दूसरी शादी, खुद किया कन्यादा
उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन से रिश्तों की संवेदनशीलता और इंसानियत की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। जिले के जैथल गांव निवासी दिनेश वैरागी ने अपने दिवंगत बेटे की पत्नी को बहू नहीं, बल्कि बेटी मानते हुए उसकी दूसरी शादी कराई और पिता की भूमिका निभाते हुए स्वयं उसका कन्यादान किया।
जानकारी के अनुसार, दिनेश वैरागी के बेटे कपिल वैरागी का विवाह प्रियंका से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद कपिल को कैंसर होने का पता चला। लंबे इलाज के बावजूद वर्ष 2023 में उनका निधन हो गया। पति की मौत के बाद प्रियंका के सामने जीवन की नई चुनौतियां खड़ी हो गईं, लेकिन उसने अपने ससुराल का साथ नहीं छोड़ा।
ऐसे समय में दिनेश वैरागी ने अपनी बहू का भविष्य संवारने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा था, “बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा करूंगा।” अपने इस वादे को निभाते हुए उन्होंने प्रियंका के लिए स्वयं योग्य वर की तलाश शुरू की। परिवारों से बातचीत के बाद विदिशा निवासी गोविंद के साथ विवाह तय हुआ।
दोनों परिवारों की सहमति से भोपाल में पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ विवाह संपन्न कराया गया। विवाह का पूरा खर्च दिनेश वैरागी ने स्वयं वहन किया। सबसे भावुक क्षण तब आया, जब उन्होंने पिता बनकर प्रियंका का कन्यादान किया और बेटी की तरह उसे नए जीवन के लिए विदा किया।
प्रियंका के पिता रामबाबू ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके समधी उनकी बेटी का कन्यादान करेंगे। उन्होंने दिनेश वैरागी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिता से बढ़कर अपना फर्ज निभाया और उनकी बेटी का जीवन दोबारा संवार दिया।
इस अनोखी पहल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग दिनेश वैरागी के इस फैसले को इंसानियत, संवेदनशीलता और सामाजिक बदलाव की प्रेरणादायक मिसाल बताते हुए उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं।



