*केंद्रीय मंत्री सिंधिया की पहल से छात्रा खुशबू अहिरवार को उत्कृष्ट छात्रावास में मिला प्रवेश*
*जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई, संशोधित मेरिट सूची जारी कर प्रशासन ने सुनिश्चित किया प्रवेश*
*अशोकनगर/मुंगावली।* केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना-अशोकनगर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल से अशोकनगर जिले के मुंगावली की मेधावी छात्रा खुशबू अहिरवार को शासकीय अनुसूचित जाति कन्या उत्कृष्ट छात्रावास में प्रवेश प्राप्त हो गया है। ग्राम देवरछी (नरखेड़ा) निवासी कक्षा 9वीं की छात्रा खुशबू, जिसने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, को शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु शासकीय अनुसूचित जाति कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, मुंगावली में प्रवेश प्रदान किया गया है।
*सिंधिया के संज्ञान में आते ही हुई त्वरित कार्रवाई*
छात्रावास में प्रवेश की निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो जाने के कारण तकनीकी वजहों से छात्रा का प्रवेश नहीं हो पा रहा था। मामला केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि एक पात्र एवं मेधावी छात्रा की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो।
*संशोधित मेरिट सूची जारी कर सुनिश्चित किया गया प्रवेश*
कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन के निर्देशानुसार शासकीय अनुसूचित जाति कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, मुंगावली द्वारा रिक्त सीटों के विरुद्ध 12 जुलाई 2026 को संशोधित मेरिट सूची जारी की गई। इस सूची में खुशबू अहिरवार का नाम शामिल करते हुए उन्हें छात्रावास में प्रवेश प्रदान किया गया। विभाग द्वारा इसकी सूचना दूरभाष के माध्यम से छात्रा के परिवार को भी दे दी गई।



