लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
*ओबरा में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
ओबरा, 15 अगस्त। ओबरा थर्मल पावर स्टेशन की ओर से देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी मैदान, ओबरा में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य महाप्रबंधक इं. दूध नाथ ने राष्ट्रीयजं ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर हो गया।
समारोह में इं. एस.के. सिंघल, महाप्रबंधक-ओबरा सी, इं. निखिल चतुर्वेदी, महाप्रबंधक-प्रशासन, इं. अजय कुमार राय, महाप्रबंधक-सिविल, इं. एम.एम. चतुर्वेदी, महाप्रबंधक-बीटीपीएस, श्री एस.के. सिंह, कमांडेंट सीआईएसएफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुख्य महाप्रबंधक इं. दूध नाथ ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी प्रदान करती है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, कार्यक्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में ऊर्जा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिजली आधुनिक जीवन की आधारभूत आवश्यकता है और ओबरा उत्तर प्रदेश की ऊर्जा यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने ओबरा बी की 200 मेगावाट इकाइयों के योगदान तथा ओबरा सी की 2×660 मेगावाट इकाइयों के बेहतर प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि पहली तिमाही में इकाइयों का पीएलएफ निर्धारित लक्ष्य से अधिक रहा है।
मुख्य महाप्रबंधक ने ओबरा सी परियोजना के दौरान विस्थापित एवं पुनर्वासित परिवारों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग और त्याग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ओबरा की सफलता किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि सभी विभागों और कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने की अपील की।
ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने बिजली की बचत के साथ वृक्षारोपण और लगाए गए पौधों की उचित देखभाल को आवश्यक बताया। उन्होंने ओबरा डी में 2×800 मेगावाट की नई इकाइयों की स्थापना की दिशा में चल रही प्रक्रियाओं को प्रदेश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा, अनुशासन और देशभक्ति की अतिथियों एवं दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह को सफल बनाने में इं. सदानंद यादव, अधिशासी अभियंता तथा उनकी पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में ओबरा थर्मल पावर स्टेशन की ओर से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालयों, सुरक्षा बलों एवं सहयोगी टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



