जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी समाचार
आरटीओ ने जारी किया ऑटो किराया सूची, डीजल से पेट्रोल/सीएनजी का किराया अधि
डीजल ऑटो से 2 किमी दूरी पर लगेंगे 37.50 रुपए, पेट्रोल/सीएनजी ऑटो में 43.75 रुपए
शिवपुरी। आमजन से ऑटो वाले मनमाना किराया वसूल न करें, इसके लिए जिला परिवहन विभाग ने किराए का निर्धारण तय करके सूची जारी की है। जिसमें
डीजल की अपेक्षा पेट्रोल/सीएनजी वाले ऑटो में सफर का किराया अधिक तय किया गया है।
डीजल ऑटो में यदि सवारी 2 किमी का सफर तय करेगी तो प्रति सवारी 37.50 रुपए देना होगा। यदि दूरी उससे अधिक हुई तो 12.50 रुपए प्रति किमी के हिसाब से देना होगा। यदि सवारी पेट्रोल या सीएनजी ऑटो में 2 किमी का सफर तय करेगी तो उसे 43.75 रुपए प्रति यात्री देना होगा। यदि दूरी उससे अधिक हुई तो 13.75 रुपए प्रति किमी के मान से देना होगा। साथ ही ऑटो में सवारी की संख्या भी निर्धारित करते हुए 3+1 यात्री एक बार में ले जा सकते हैं। जबकि इसके विपरीत शिवपुरी में ऑटो भी ओवरलोड सवारियां ढोते हैं।
ज्ञात रहे कि जिस आरटीओ विभाग ने यह किराया सूची जारी की है, उसका ही ऑफिस जिला मुख्यालय से लगभग 6 किमी है। यानि आमजन को आरटीओ ऑफिस जाने व लौटने में लगभग 20 रुपए से अधिक की राशि खर्च करनी पड़ेगी। वहीं नई तहसील एवं एसडीएम ऑफिस जाने में भी प्रति व्यक्ति 100 से 125 रुपए किराया खर्च करना पड़ेगा।
ऑटो वालों की डिमांड, सुधारी जाएं सड़कें:
एक तरफ आरटीओ विभाग ने ऑटो का किराया तय किया गया है, तो वहीं ऑटो वालों की भी मांग है कि शिवपुरी शहर की सड़कों को सुधारा जाए। शहर की कुछ कॉलोनी व मोहल्लों की सड़कें इतनी बदहाल हैं कि वाहन में टूटफूट होने से मेंटिनेंस का खर्चा बढ़ गया है। कुछ जगह तो हालात इतने खराब हैं कि ऑटो पलटने का खतरा बना रहता है।



