35 फीट ऊंचे रावण का दहन, आतिशबाजी से गूंजा
सेगां
कृषि उपज मंडी में हुआ आयोजन, श्रीराम-लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में पहुंचे पात्र; बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश
सेगांव। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को सेगांव की कृषि उपज मंडी में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। आयोजन के दौरान आतिशबाजी से आसमान रोशन हुआ। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण आयोजन स्थल पर पहुंचे और उत्साह के साथ पर्व मनाया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव ने बताया कि शाम 7 बजे आतिशबाजी के बाद रावण दहन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी के स्वरूप में पात्र आयोजन स्थल पर पहुंचे। इसके बाद रावण दहन की परंपरा निभाई गई।
रावण दहन के दौरान आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल रहा। महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। आतिशबाजी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। रावण दहन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को याद करते हुए सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
सेगांव से दीपक गुप्ता



