🚨 न्यूज़ | सिवनी**
# बंडोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिजली के लोहे के पोल चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
**45 लाख रुपये का मशरूका जब्त, 3 पिकअप वाहन और हाइड्रा मशीन भी पुलिस ने की बरामद**
**सिवनी।** जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में बिजली के लोहे के बीम पोल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 लोहे के बीम पोल, 3 पिकअप वाहन और एक हाइड्रा मशीन सहित कुल 45 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी अमित शाह फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बकोड़ी स्थित शासकीय स्कूल के पास से 19 लोहे के बीम पोल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में थाना बंडोल पुलिस ने अपराध दर्ज कर मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में करण साहू, मनीष प्रसाद साहू, प्रमोद केवट और शुभम कौल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक **कृष्ण लालचंदानी** के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक **दीपक मिश्रा** एवं एसडीओपी **चंचलेश मरकाम** के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बंडोल उपनिरीक्षक मनोज कुमार जंघेला और उनकी टीम द्वारा की गई।
**सिवनी पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।**
Manish baghel ki report



