लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
डाला में रेलवे ट्रैक पर मिला 50 वर्षीय अधेड़ का शव, क्षेत्र में मची सनसनी
खदान में करता था काम, करवा चौथ पर छुट्टी लेकर गया था गांव; शनिवार को लौटा था वापस, देर शाम से था लापता
सोनभद्र/ चोपन थाना के डाला क्षेत्र में शनिवार की देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकंदर पुत्र सुखारी बैठा (उम्र लगभग 50 वर्ष) निवासी ग्राम पुत्तूर हरिया, थाना धुरकी, जनपद गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक डाला स्थित एक खदान में मजदूरी का कार्य करता था।
परिजनों एवं स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक करवा चौथ के त्योहार पर छुट्टी लेकर अपने गांव गया था। शनिवार को वह वापस डाला स्थित अपने कार्यस्थल पर लौटा था। बताया जाता है कि देर शाम वह बिना किसी को कुछ बताए कहीं चला गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसी बीच डाला स्थित मां वैष्णो मंदिर के सामने बने सार्वजनिक शौचालय के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। वहीं, कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर डाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रात में ही अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
फिलहाल रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
