



न्यायालय में मजबूती से रखा जाए निगम का पक्ष
ग्वालियर।
नगर निगम स्वामित्व की संपत्तियों का शनिवार को नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए की जिन संपत्तियों की लीज खत्म हो गई है, उनका प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही जिन संपत्तियों का प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है उन प्रकरणों में निगम का पक्ष मजबूती के साथ रखा जाए।
नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव ने पड़ाव स्थित निगम के स्वामित्व की संपत्तियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिन संपत्तियों को निगम ने किराए पर दिया था, उनमें से कुछ की लीज खत्म हो चुकी है । नगर निगम आयुक्त ने विधि अधिकारी एवं अपर आयुक्त श्री विजय राज को निर्देश दिए कि लीज खत्म हो चुकी संपत्तियां का प्रतिवेदन बनाकर प्रस्तुत करें। इसके बाद नगर निगम आयुक्त श्री वैष्णव ने बारादरी मुरार, सीपी कॉलोनी स्थित चर्च और सात नंबर चौराहा स्थित किचलु कोठी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए की जिन संपत्तियों का प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है, उनमें मजबूती से निगम का पक्ष रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री विजय राज, उपायुक्त श्री सुनील सिंह चौहान, डॉ अतिबल सिंह यादव, नोडल अधिकारी राजस्व श्री अनूप लिटोरिया, भवन अधिकारी श्री राकेश कश्यप सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



