Skip to main content

Aaj Tak24x7

दुद्धी में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग बना मूकदर्शक

  • सीएमओ बोले: कस्बे में सिर्फ छ अस्पताल रजिस्टर्ड, बाकी अवैध पर होगी कार्रवाई

– प्रेरणा अस्पताल के नाम बदलकर चल रहा नया अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी सवालों के घेरे में

आज तक 24×7 न्यूज, सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट

दुद्धी। कस्बे में अवैध अस्पतालों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से जगह-जगह बिना रजिस्ट्रेशन और बिना योग्य डॉक्टरों के अस्पताल संचालित हो रहे हैं। सीएमओ सोनभद्र ने पुष्टि की है कि दुद्धी कस्बे में मात्र पांच अस्पताल ही रजिस्टर्ड हैं, बाकी सभी अवैध रूप से चल रहे हैं और उन पर कार्रवाई की जाएगी।

अवैध अस्पतालों से बढ़ रहा मौत का खतरा
कुछ माह पूर्व प्रेरणा अस्पताल में इलाज के दौरान एक जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सूत्रों की मानें तो प्रेरणा अस्पताल के संचालक ने नाम बदलकर ‘राधा रानी अस्पताल’ के नाम से नया अस्पताल खोल लिया है और बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से संचालन कर रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस पर कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है।

बिना डॉक्टर, बिना लाइसेंस चल रहे अस्पताल
दुद्धी कस्बे में बिना किसी अधिकृत चिकित्सक के विभा अस्पताल समेत कई अस्पतालों में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अनक्वालिफाइड और अनरजिस्टर्ड डॉक्टरों के भरोसे मरीजों की जान दांव पर लगाई जा रही है। स्थिति यह है कि इलाज के लिए आए मरीजों की असमय मौतें हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है।

आदिवासी क्षेत्र के लोगों का हो रहा शोषण
दुद्धी आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और यहां के लोग शिक्षा के अभाव के कारण इन झोलाछाप डॉक्टरों के झांसे में आ जाते हैं। अस्पताल संचालक इनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें इलाज के नाम पर आर्थिक रूप से लूट रहे हैं और गलत इलाज देकर उनकी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

पैथोलॉजी भी अवैध, बिना पैथोलॉजिस्ट के चल रहे जांच केंद्र
दुद्धी कस्बे में न सिर्फ अवैध अस्पताल बल्कि बिना किसी लाइसेंस के रैन पैथोलॉजी समेत कई अन्य पैथोलॉजी सेंटर भी धड़ल्ले से चल रहे हैं। आरोप है कि सीएचसी दुद्धी के कुछ डॉक्टरों की मिलीभगत से ये पैथोलॉजी संचालित हो रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग से लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। सीएमओ सोनभद्र ने भरोसा दिया है कि जल्द ही सभी अवैध अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये हैं दुद्धी के रजिस्टर्ड अस्पताल,जिसमेंहर्षित हॉस्पिटल,नोवा हॉस्पिटल,जीवन कृति हॉस्पिटल,शिवा हॉस्पिटल,केयर हॉस्पिटल,प्रसाद कुंवर हॉस्पिटल,बाकी सभी अस्पतालों की जांच कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग अवैध अस्पतालों पर सच में कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7