Skip to main content

Aaj Tak24x7

नए आकर्षण के साथ अब रविवार से सैलानी देख सकेंगे डिजिटल म्यूजियम प्लेनेटोरियम को….उन्नयिकरण परियोजना के तहत म्यूजियम को दिया गया एक नया आधुनिक स्वरूप

ग्वालियर 15 फरवरी 2025 – ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा महाराजबाड़ा स्थित स्काउट गाइड बिल्डिंग में डिजिटल म्यूजियम एवं प्लेनेटोरियम के उन्नयिकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, और इसे अब रविवार से सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा। सैलानियों की पसंद को देखते हुए इस संग्रहालय का उन्नयिकरण का कार्य करने का निर्णय किया गया था। पिछले हफ्ते इस संग्रहालय के उन्नयिकरण का कार्य पूर्ण करने के बाद नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशानुसार इसे संचालित कर रही फर्म को हैंडओवर किया गया था। जिसके बाद अब रविवार से संग्रहालय को सैलानियों के लिए पुनः खोल दिया जाएगा और सैलानी इस संग्रहालय व प्लेनेटोरियम को अब एक नए स्वरूप में और नए आकर्षण के साथ देख सकेंगे।
डिजिटल म्यूजियम में होलोग्राफिक और रौटोस्कोप व एआई तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पुरानी गैलरियों को नया स्वरूप दिया गया है, तो वही इस म्यूजियम में कई नई गैलरियों को भी शामिल किया गया है जिन्हें देखकर सैलानी रोमांचित होते नजर आएंगे। संग्रहालय में सैलानियों के प्रमुख आकर्षण के रूप में संगीत गैलरी में संगीत सम्राट तानसेन को समर्पित होलोग्राम शो को भी शामिल किया गया है, जिसमें संगीत सम्राट तानसेन राग मलार गाते हुए नजर आएंगे। वे दृश्य बिल्कुल सजीव होता नजर आएगा। जब राग महार की प्रस्तुति चलेगी तो बाकायदा बिजली कड़कने और वर्षा होने का अहसास भी सैलानियों को होगा। इसके साथ ही इंटरेक्टिव टच स्क्रीन के अपडेट करने के साथ कंटेंट्स में भी बढ़ोतरी की गई है जिसके जरिए सैलानियों को ग्वालियर व आसपास के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानकारी मिल सकेगी। वही इस संग्रहालय के साथ ही बने बच्चो का खास आकर्षण का केंद्र प्लेनेटोरियम को भी नए कंटेंट व खगोलीय फिल्मों की बेहतर क़्वालिटी के साथ अपडेट किया गया है। ज्ञात हो कि उन्नयिकरण परियोजना के तहत गोरखी स्कूल परिसर में बनाया गया अटल म्यूजियम को उन्नयिकरण कार्य पूर्ण कर 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर सैलानियों के लिए खोल दिया गया था। अब इस रविवार से डिजिटल म्यूजियम और प्लेनेटोरियम का सैलानियों के लिए खुलने से शहर के पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7