थाना भितरवार पुलिस ने हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को किया गिरफ्तार
ग्वालियर। 19.02.2025 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर गंभीर प्रकरणों में वांछित फरार आरोपियों की घरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 09.02.2025 की दरमियानी रात में थाना भितरवार क्षेत्रांतर्गत ग्राम सर्वा में हुई युवक की हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुये पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने अति० पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री निरंजन शर्मा को थाना भितरवार पुलिस टीम से उक्त प्रकरण में वांछित फरार आरोपी को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में एसडीओपी भितरवार श्री जितेन्द्र नगाइच के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भितरवार निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित फरार आरोपी को पकड़ने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना दिनांक 18.02.2025 को पुलिस टीम को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी ग्राम निवी में देखा गया है। उक्त सूचना से पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम को ग्राम निवी की पुलिया के पास मुखबिर के बताये हुलिये का एक संदिग्घ व्यक्ति खड़ा दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्ध व्यक्ति से नाम पता पूछने पर उसने स्वयं को ग्राम सर्वा भितरवार जिला ग्वालियर का रहने वाला बताया। पकड़े गये व्यक्ति से उक्त हत्या के प्रकरण में गहनता से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी विधिवत जप्त की गई। थाना भितरवार पुलिस द्वारा उक्त आरोपी को अपराध क्र. 27/2025 में हत्या के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया।
बरामद मशरूका:- घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी।
सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी भितरवार निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी, सउनि0 अवतार सिंह राजपूत, आर0 धर्मेन्द्र बघेल, जयवीर जाट, पुष्पेन्द्र रावत एवं समस्त थाना स्टॉफ की सराहनीय भूमिका रही।



