आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ
औरैया 24 जून 2025 – जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्यों की स्थलीय निगरानी की जाए और संबंधित निर्माण एजेंसियां कार्य पूर्ण होने की लिखित सूचना अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से जुड़ी आई0जी0आर0एस0 व अन्य माध्यमों से प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि जिन एजेंसियों द्वारा कार्यों में देरी की जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकियों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति को सुचारु और नियमित बनाए जाने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं और प्रभावी रणनीति बनाकर तुरंत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यदाई संस्था को सभी योजनाओं/कार्यों को समय से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण पवन कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं आदि उपस्थित रहे।



