आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ


समस्या के निस्तारण की कार्यवाही वादी- प्रतिवादी को सुनते हुए स्थलीय निरीक्षण कर की जाए।
शिकायत के समाधान के समय के फोटो /वीडियोग्राफी भी साक्ष्य के रूप में करें संकलित।
औरैया 02 जुलाई, 2025/ मंडलायुक्त कानपुर मण्डल कानपुर के0 विजयेन्द्र पांडियन ने तहसील अजीतमल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में दूर दराज से आए फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, जिसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, संपूर्ण समाधान दिवस व आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता से त्वरित कार्यवाही करें, शिकायतकर्ता से सर्व प्रथम फोन पर वार्ता करें, मौके पर जाकर स्थिति की जांच कर प्रभावी कार्यवाही कर मौखिक निस्तारण करें। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के साथ साथ स्थलीय निरीक्षण कर शिकायत का निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, जिससे उनको भी निस्तारण स्थिति का पता चल सके और निस्तारण आख्या में सम्पूर्ण घटनाक्रम को अंकित करते हुए पोर्टल पर अपलोड की जाए। उक्त संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील अजीतमल में 89 शिकायत प्राप्त हुई जिसमें 09 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
उक्त के पूर्व जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने सदर तहसील औरैया में आयोजित संपूर्ण समाधान में क्षेत्र से आये फरियादियों के समस्या संबंधी आवेदन लेकर उनकी समस्याओं को सुनते हुए संबंधितों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई समस्या ग्रस्त आमजन अपनी समस्या के लिए बार-बार न भटके और उसे सही समाधान मिले इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी ड्यूटी का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए समस्याओं का निराकरण करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थिनी रामबेटी पत्नी भारत सिंह निवासी विनपुरापुर ने अवगत कराया कि प्रार्थिनी एक असहाय व गरीब महिला है और मेरी माँ के नाम सुन्दरा देवी पत्नी स्व० होरीलाल भूमि ग्राम विनपुरापुर तहसील औरैया में स्थित है जो कि अभी तक असंक्रमणीय है, संक्रमणीय भूमिधर नहीं की जा रही है। तहसील में बहुत बार प्रार्थना पत्र दिये है। अतः आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है, मेरी भूमि सं० 33 मि० 804, 1217 मि0, 1168 मि० ग्राम विनपुरापुर की संक्रमणीय भूमिधर करवाने की कृपा करें। जिसपर जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया गया कि 07 दिन के अंदर नियमानुसार कार्रवाही करते हुए प्रकरण का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। आवेदन कर्ता संत किशोर पुत्र स्वा0 तेज राम निवासी बरुआ ने चकरोड की पैमाइश के संबंध में आवेदन दिया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा राजस्व अभिलेखों के अनुसार चकरोड की पैमाइश कराए जाने के उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश दिए। मानसिंह पुत्र बलराम सिंह निवासी ढिकियापुर द्वारा ढिकियापुर माइनर की पटरी मरम्मत कराए जाने के साथ-साथ अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की उक्त के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए गए कि माइनर की पटरी सही कराई जाए तथा अतिक्रमण को हटवाए जाने के साथ-साथ अतिक्रमण कर्ता के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए जिससे भविष्य में अतिक्रमण की पुनरावृत्ति न होने पाए।
सदर तहसील औरैया में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 170 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत, डिप्टी कलेक्टर अजय आनंद वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर, तहसीलदार अजीतमल,नायब तहसीलदार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



