आर. चंद्रा ब्यूरो चीफ

योजनाओं का लक्ष्य पूर्ण कराना करें सुनिश्चित, कार्यों में प्रगति के साथ साथ जनपद की रैंकिंग में भी हो सुधार प्रदर्शित।
औरैया 27 अगस्त 2025- जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित मा० मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका संबंधी योजनाओं/ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधितों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा प्राप्त योजनाओं का लक्ष्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें जिससे कार्यों में प्रगति के साथ साथ जनपद की रैंकिंग में भी सुधार प्रदर्शित हो। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी व जिला अर्थ संख्या अधिकारी को निर्देश दिए कि वह कार्यों की प्रतिदिन अपने स्तर से समीक्षा करें और खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध चार्जशीट तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित कराये। उन्होंने संबंधित को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए वह अपने स्तर से अभियान चलाकर योजना के संचालन में तेजी लाये तथा खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने विभाग वार कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्देशित किया कि दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष कार्यो की प्रगति सुनिश्चित करे, जिससे प्रदेश स्तर की समीक्षा में जनपद की रैंकिंग ऊपर उठ सके। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पर्यटन विभाग द्वारा कराये जा रहे कार्यों की जांच करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए। जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्टरी, जीरो पावर्टी में नाराजगी व्यक्त करते हुए लक्ष्यों में सुधार करने के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए तथा नई सड़कों के निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि टी बी मुक्त भारत अभियान में सभी चयनित लाभार्थियों को समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का सत्यापन करते हुए निस्तारण कर लाभान्वित कराये जिससे योजनाओं की सार्थकता सिद्ध हो और पात्रों को लाभ मिले।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनायक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



