राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महाविद्यालय इकाई द्वारा खुरई गल्ला मंडी में भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महाविद्यालय इकाई द्वारा खुरई गल्ला मंडी में भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन

*महेन्द्र पाण्डेय जिला संवाददाता*

 

सागर खुरई/नगर की गल्ला मंडी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महाविद्यालय इकाई के तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक युवा सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवाओं ने उत्साह, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभाव, सामाजिक दायित्व तथा संगठनात्मक चेतना को सुदृढ़ करना रहा। सम्मेलन की शुरुआत शाखा के आयोजन से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। शाखा के माध्यम से शारीरिक, बौद्धिक और नैतिक विकास का संदेश दिया गया। इसके पश्चात संविधान पर आधारित प्रदर्शनी तथा भारत के महान महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इन प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं को भारतीय लोकतंत्र, संविधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों के योगदान से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, खुरई द्वारा महापुरुषों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति, त्याग, सेवा और राष्ट्रप्रेम के भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिए, कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई, जिससे संपूर्ण वातावरण प्रेरणादायक बन गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री सतीश जी सराफ (सफल व्यवसायी) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका, समाज में संस्कारों के निर्माण तथा राष्ट्रहित में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित और संस्कारवान युवा ही सशक्त भारत की नींव रख सकते हैं। मुख्य वक्ता श्री राजबाबू जी (प्रांत सह महाविद्यालयीन प्रमुख) ने युवाओं को संघ के विभिन्न कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने “पंच परिवर्तन” के विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि समाज में व्यक्तिगत आचरण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाई जाए, तो व्यापक सामाजिक परिवर्तन संभव है। उनके विचारों ने युवाओं को आत्ममंथन और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में माननीय जिला संघचालक श्री संजीव जी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन से आयोजन को विशेष दिशा मिली। मंच संचालन जिला महाविद्यालयीन प्रमुख श्री सौरभ जी ने अत्यंत कुशलता, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाई। कुल मिलाकर यह युवा सम्मेलन युवाओं के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और राष्ट्रसेवा के संकल्प का सशक्त मंच सिद्ध हुआ।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

100% LikesVS
0% Dislikes

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in