प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शाजापुर में ली प्रशासनिक बैठक, स्वच्छता व स्वच्छ जल प्रदाय पर दिया जोर
शाजापुर।
आज शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री माननीय श्री नारायण सिंह कुशवाह जी (सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग) ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।बैठक में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल प्रदाय शासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच, पाइपलाइन सुधार एवं जल आपूर्ति की सतत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता बनी रहनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रवि पांडे जी, शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावद जी सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



