ग्वालियर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कई स्थानों से हटाए गए ठेले और अवैध कब्
ग्वालियर, दिनांक 10 अप्रैल 2026 — नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत आज विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई नोडल अधिकारी (मदाखलत) श्री केशव सिंह चौहान एवं संबंधित अधिकारियों के निर्देशानुसार मदाखलत दल द्वारा की गई।
इंटक मैदान क्षेत्र में यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे एक हाथ ठेले को जप्त किया गया, वहीं हजीरा चौराहा से चार शहर का नाका, सिविल अस्पताल, इंटेक मैदान एवं किला गेट रोड तक अस्थायी अतिक्रमण हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया।
मांडरे की माता मुख्य मार्ग, मुरार बारादरी चौराहा से सदर बाजार अग्रसेन चौराहा तथा दीनदयाल नगर सिंधिया स्टैचू रोड पर भी ठेले, फुटपाथी एवं दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे सामान को हटवाकर यातायात सुचारु किया गया।
इसी क्रम में होटल क्लार्क-इन के पीछे, नौगजा रोड (वार्ड क्रमांक 33) क्षेत्र में अवैध छप्परों, हरी मैटिंग एवं अन्य बाधक सामग्री को हटाया गया। वहीं विनय नगर सेक्टर-04 (24 बीघा क्षेत्र) में अवैध निर्माण कार्य को बंद करवाकर चार बंडल सरिया जप्त कर कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया।
ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुरानी छावनी चौराहा एवं अटल गेट पर भी ठेले हटाकर सामान जप्त किया गया।
इन सभी कार्यवाहियों में मदाखलत निरीक्षकगण एवं संबंधित स्टाफ—श्री राकेश सिंह चौहान, श्री सुघर सिंह सिसौदिया, श्री आजाद खान, श्री श्रीकांत सेन, श्री शैलेन्द्र सिंह, श्री राघवेंद्र सिंह सहित अन्य दल एवं क्षेत्रीय कार्यालय का अमला उपस्थित रहा।



