Skip to main content

Aaj Tak24x7

लटकते बिजली तार बने काल, शॉर्ट सर्किट से धधकी आग, गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली जलकर राख

लटकते बिजली तार बने काल, शॉर्ट सर्किट से धधकी आग, गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली जलकर रा

 

सौ बोझा गेहूं स्वाहा, दो पशु झुलसे, कई किसानों की मेहनत पर पानी: मुआवजे की मांग तेज

 

आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट।

 

दुद्धी सोनभद्र)।विकास खंड अंतर्गत के विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया। लटकते बिजली के तारों से शॉर्ट सर्किट होने के कारण गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली धू-धू से जल उठी। देखते ही देखते सौ बोझा गेहूं राख में बदल गया, जिससे गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी विरझु राम और उनकी पत्नी का कटा हुआ गेहूं सौ बोझा बनाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर खेत से घर लाया जा रहा था। घर के पास पहुंचते ही ऊपर लटकते जर्जर बिजली के तारों के संपर्क में ट्रॉली आ गई। तारों से निकली चिंगारी ने सूखे गेहूं को भड़काया और आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया।ट्रैक्टर चालक ने तत्काल होशियारी दिखाते हुए ट्रॉली को इंजन से अलग कर सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन ट्रॉली और गेहूं पूरी तरह जल गए। आग इतनी भयंकर थी कि पास बंधे उदित भारती के दो पशु झुलस गए। साथ ही, महेश प्रसाद के खेत में रखे 50 बोझा गेहूं भी नष्ट हो गए। इस एक हादसे ने कई परिवारों को आर्थिक चोट पहुंचाई।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पहुंचकर आग को फैलने से रोका। डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने सहायता की, तब काबू पाया गया। पीड़ितों का कहना है कि यह गेहूं उनका साल भर का सहारा था, अब परिवार का भरण-पोषण संकट में है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विमल यादव ने तत्काल क्षेत्रीय लेखपाल अशोक कुमार एवं तहसील प्रशासन को अवगत कराते हुए पीड़ित किसानों और पशुपालकों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर विद्युत विभाग की लापरवाही को उजागर करता है। गांवों में लटकते बिजली तार और जर्जर लाइनें किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे लगातार किसानों की जिंदगी को तबाह करते रहेंगे।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7