अंबेडकर जयंती पर स्वामी विवेकानंद आदर्श स्कूल में भव्य आयोजन, छात्रों को दिए प्रेरणा के संदे
अमरोहा/नूरपुर खुर्द। स्वामी विवेकानंद आदर्श पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन द्वारा बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद छात्रों द्वारा भाषण, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान को याद किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक महेश तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का संघर्षपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है।
प्रिंसिपल सुभाष चंद्र ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा प्राप्त कर देश को एक सशक्त संविधान दिया, जो आज भी हमारे लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
स्कूल एडमिनिस्ट्रेटर एम. एच. रिज़वी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों को महापुरुषों के संघर्षों और मूल्यों से परिचित कराना भी है, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।कार्यक्रम के अंत में वाइस-प्रिंसिपल राजेश्वरी शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संवाददाता जमशेद अली अमरोहा उत्तर प्रदेश



