*सभी निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं- प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह*
*जिला विकास सलाहकार समिति एवं निर्माण कार्यों की बैठक संपन्न*
*शाजापुर, 08 मई 2026/* प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं जिला प्रभारी श्री नारायनसिंह कुशवाह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष शाजापुर में जिला विकास सलाहकार समिति एवं निर्माण कार्यों की बैठक संपन्न हुई।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों, अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, म.प्र. सड़क विकास निगम, म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, जल संसाधन संभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी- जल जीवन मिशन, नगरीय प्रशासन विभाग, म.प्र. प.क्षे.विवि कंलि. विभाग, सेतु उप संभाग लोक निर्माण, लोक निर्माण विभाग भवन विकास निगम एवं मध्यप्रदेश भवन विकास निगम सहित स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों जैसे सड़क निर्माण, बालक एवं कन्या सीनियर छात्रावास भवन, विद्यालय भवन, उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत ऑडिटोरियम, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, स्वास्थ्य केन्द्र भवन, पुल निर्माण, अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना के तहत पाइप लाइन, टंकी, नल कनेक्शन निर्माण कार्य, कायाकल्प अभियान के अंतर्गत सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण, मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क निर्माण, अमृत 2.0 के तहत पार्क, वाटर बॉडी रेजुवेनेशन, एसबीएम 2.0 एसटीपी निर्माण, आरसीसी रिटेनिंग वॉल निर्माण, बेरछा रोड सांपखेड़ा पार्क और आदित्य नगर शाजापुर में लक्ष्मीबाई पार्क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सुव्यवस्थित कार्य योजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ समय पर पूर्ण करें, ताकि आमजन को इनका समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने जिले की चिल्लर नदी में मिलने वाले नालों के पानी को पृथक प्रबंध कर नदी की सफाई एवं सोन्दर्यीकरण करवाकर नोका पर्यटन विकसित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के छोटे-बड़े नालों की वर्षा पूर्व साफ-सफाई कराने, जीर्ण-शीर्ण नालों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदी-नालों, कुएं बावड़ी, टंकियों की साफ-सफाई, तालाब निर्माण आदि कार्य कराने के निर्देश भी दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जिले में जल गंगा अभियान आगामी 30 जून 2026 तक चलाया जा रहा हैं, जिसके तहत विभिन्न विभागों को दिये गये लक्ष्य अनुरूप कार्य कराये जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के विभिन्न केन्द्रों में किये जा रहे गेहूं उपार्जन कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने उपार्जन कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने एवं उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा उपार्जित फसल का किसानों को समय पर भुगतान कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिये।
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये कि जिले में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही जलजीवन मिशन योजना अंतर्गत नलजल योजना के प्रगतिरत कार्यों को समय पर पूर्ण कर हस्तांतरित भी कराएं। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री से जिले में ट्रांसफार्मर की स्थिति एवं किसानों की मांग अनुसार समय पर ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, शाजापुर विधायक श्री अरूण भीमावद, जिला विकास समिति के सदस्यों ने भी निर्माण कार्यों, सुझावों आदि से संबंधित अपने- अपने प्रस्ताव दिये।
बैठक के पूर्व में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जिसके तहत खेल और युवा कल्याण विभाग, नगरपालिका शाजापुर, उद्यान विभाग, जिला चिकित्सालय के द्वारा किये जाने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित पालन प्रतिवेदन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. रवि पाण्डे, कालापीपल विधायक प्रतिनिधि श्री प्रवीण शर्मा, जिला विकास समिति के सदस्य श्री रमेश पाटीदार, श्री अभिषेक सक्सेना, श्री एलकारसिंह राजपूत, श्री हरिसिंह धनगर, श्री रमेश परमार, श्री धनसिंह जाट, श्री शत्रुजीत बना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा गंगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
क्रमांक



