शासकीय कन्या महाविद्यालय रांझी में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, छात्राओं ने दी देशभक्ति की शानदार प्रस्तुतियां
जबलपुर/रांझी। शासकीय कन्या महाविद्यालय रांझी, जबलपुर में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वीणा बाजपेई द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गोविंद यादव, श्री अरुण गुप्ता एवं श्री एल.एन. रावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दीपेंद्र यादव ने किया। प्रथम वर्ष की छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित भाषण, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य एवं नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत NSS एवं छात्राओं ने घर-घर जाकर नागरिकों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य के नेतृत्व में अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्राओं द्वारा 12 अगस्त को तिरंगा रैली निकाली गई तथा महाविद्यालय परिसर में सेल्फी प्वाइंट का निर्माण किया गया। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म www.harghartiranga.com के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर छात्राओं को विभाजन की त्रासदी पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई।
समारोह में डॉ. बिंदु शर्मा, डॉ. वीणा श्रीवास्तव, श्रीमती रेणु बाला घई, श्रीमती कविता धुर्वे, श्रीमती स्वीटी यादव, डॉ. माधुरी सिंह, श्री वीरेंद्र झरिया, डॉ. नीलिमा राय, श्रीमती पूजा सेन, श्री रविशंकर, श्री सुरेंद्र तिवारी एवं श्री संतोष विश्वकर्मा सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समस्त कार्यक्रम अनुशासन, उत्साह एवं राष्ट्रीय भावना के साथ संपन्न हुआ।



