*ग्वालियर पुलिस की देर रात तक चली कॉम्बिंग गश्त, 191 फरार वारंटी गिरफ्तार, 256 गुण्डे-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग*
🔴 *कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले के विभिन्न थानों में 101 स्थाई एवं 90 गिरफ्तारी सहित कुल 191 वारंटियों को किया गिरफ्तार और 256 गुण्डा, हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक।*
🔴 *कॉम्बिंग गश्त में अवैध हथियारों पर भी शिकंजा, थाना गिजोर्रा में 06 बदमाश गिरफ्तार, 315 बोर की बंदूकें, कट्टा, 12 बोर की बंदूक व 46 राउंड बरामद।*
🔴 *कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना गिजोर्रा में अवैध हथियार सहित 06 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो 315 बोर की बंदूक, एक 12 बोर की बंदूक, एक 315 बोर का कट्टा तथा 315 बोर के 21 राउंड एवं 12 बोर के 25 राउंड एवं एक सफेद रंग की बोलेरो कार को जप्त किया गया।*
ग्वालियर। 21.09.2026। त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में दिनांक 20/21 सितम्बर 2026 की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान अति0 पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल(रापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर(रापुसे) एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
*इस दौरान पुलिस ने जिले में कुल 101 स्थाई वारंट, 90 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 13 गुण्डा एवं 123 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना गिजोर्रा में अवैध हथियार का एक प्रकरण पंजीबद्ध कर 06 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो 315 बोर की बंदूक, एक 12 बोर की बंदूक, एक 315 बोर का कट्टा तथा 315 बोर के 21 राउंड एवं 12 बोर के 25 राउंड एवं एक सफेद रंग की बोलेरो कार को जप्त किया गया।*
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।