📰 ‘मेरे सपनों का भारत’ में गूंजा स्वस्थ भारत का संदे
योग और आयुर्वेद से विद्यार्थियों को कराया परिचित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान
बाह, आगरा। प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र दामोदर दास मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आसाराम रामनिवास आदर्श इंटर कॉलेज, बाह, आगरा में योग एवं आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को योग की महत्ता, नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभ तथा आयुर्वेद की उपयोगिता के बारे में रोचक एवं उपयोगी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और अनुशासित जीवनशैली का आधार है। वहीं आयुर्वेद को भारतीय संस्कृति एवं स्वस्थ जीवन पद्धति की महत्वपूर्ण विरासत बताया गया।
इस अवसर पर आयुष विभाग के धर्मेंद्र पाराशर ने विद्यार्थियों को योग एवं आयुर्वेद से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं बाह नगर मंडल अध्यक्ष श्री श्याम शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विनोद कुमार दीक्षित सहित जितेंद्र पचौरी, संजू कटारा, सत्य प्रकाश बोहरे ओम नारायण उपाध्याय, अमित, गिरजेश यादव, सर्वेश मिश्रा संजू कटारा एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘मेरे सपनों का भारत’ के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘स्वस्थ विद्यार्थी–स्वस्थ समाज–स्वस्थ भारत’ की भावना को मजबूत करना रहा।
आगरा से ब्यूरो चीफ राहुल चतुर्वेदी की रिपोर्ट