जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी समाचार
क्षत्रिय महासभा की बैठक सम्पन्न, दशहरा आयोजन की तैयारियों को लेकर दायित्व सौंप
शिवपुरी। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जिला शिवपुरी की महत्वपूर्ण बैठक निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन पर जिलाध्यक्ष श्री रविन्द्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी दशहरा आयोजन, श्रीराम शोभायात्रा, शस्त्र पूजन, प्रतिभा सम्मान एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में यूजीसी के विरोध का निर्णय लिया गया। इस संबंध में पूर्व में भी ज्ञापन दिया जा चुका है। विरोध स्वरूप 2 अक्टूबर को सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया जाएगा तथा रात्रि 8 बजे मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रीराम शोभायात्रा चिंताहरण मंदिर से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक स्थित तात्या टोपे प्रतिमा पर समाप्त होगी। यहां से क्षत्रिय भवन तक पहुंचने के लिए वाहनों की व्यवस्था रहेगी। शोभायात्रा के दौरान वीरांगनाओं द्वारा बड़े चौराहा, कैची बीड़ी एवं अस्पताल चौराहा पर तीन स्थानों पर शस्त्र प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षत्रिय भवन पर आयोजित मंचीय कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, प्रतिभा सम्मान हाल ही में रिटायर हुए कार्मिक शासकीय सेवाकर्मी एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं मनोज सिंह भदौरिया, शोभायात्रा संचालन की जिम्मेदारी लोकेन्द्र सिंह परमार, अभिषेक सिंह रघुवंशी, जैक सोलंकी एवं शुभम पुंडीर को दी गई। राम दरबार झांकी की जिम्मेदारी सदन सिंह भदौरिया, प्रतिमाओं पर माल्यार्पण की जिम्मेदारी रविन्द्र सिंह सेंगर एवं सदन सिंह भदौरिया, वाहन व्यवस्था मुकेश सिंह चौहान एवं कुलदीप सिंह तोमर तथा मंच एवं पंडाल व्यवस्था रामपाल सिंह सिसोदिया एवं अनन्त पाल सिंह चौहान को सौंपी गई।
इसी प्रकार पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी धीरेन्द्र सिंह वैस एवं अभिषेक रघुवंशी, इवेंट वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी कु. अंजलि परमार तथा प्रतिभा सम्मान एवं वरिष्ठजन सम्मान कार्यक्रम की व्यवस्था सुनीत चौहान, रविन्द्र सिंह परमार, शीलू भदौरिया एवं सौरभ सेंगर को सौंपी गई।
शोभायात्रा में आमंत्रण हेतु ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जिसकी सूची पृथक से जारी की जाएगी।
बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को भव्य, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने का संकल्प लिया। इसके साथ ही बैठक समाप्त घोषित की गई।