अतुल मल्होत्रा रिपोर्ट मोबाइल 9993256405
बारादरी चौराहे के यातायात को व्यवस्थित करने के लिये किए जायेंगे पुख्ता प्रबंध
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बारादरी चौराहे का किया निरीक्षण
लेफ्ट टर्न पर सवारी वाहन न रुकें यह सुनिश्चित किया जायेगा
माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों को दी जायेगी समझाइश
बारादरी पर स्थापित बावड़ी का होगा सौंदर्यीकरण
ग्वालियर 01 फरवरी 2025/ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा प्रथम चरण में इंदरगंज चौराहा एवं मुरार बारादरी चौराहा पर यातायात को व्यवस्थित करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों ने शनिवार को संयुक्त रूप से मुरार बारादरी चौराहे का निरीक्षण किया और व्यापारियों से चर्चा भी की। इसके साथ ही यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बारादरी चौराहे पर लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लेफ्ट टर्न पर लगे ऑटो स्टैण्ड के बोर्ड को पीछे स्थापित करने के साथ ही संचालित सभी ऑटो को स्टैण्ड से ही सवारी लेकर रवाना कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लेफ्ट टर्न एवं यातायात में बाधक अस्थायी अवरोध को भी हटाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान बारादरी चौराहे के आसपास स्थापित सभी पेयजल प्याऊ को संधारित कर व्यवस्थित करने के निर्देश भी नगर निगम के अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही चौराहे के समीप ही स्थापित एक पुरानी बावड़ी का सौंदर्यीकरण कर लाइटिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यातायात को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों को मार्केट में माइकिंग के माध्यम से आवश्यक समझाइश देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यक समझाइश के पश्चात भी यातायात में बाधक अवरोधों को न हटाने पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बारादरी चौराहे की सड़कों पर खान-पान के ठेलों को सड़क से पीछे स्थापित करने और व्यवस्थित करने के संबंध में संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यवसाइयों से भी चर्चा कर यातायात को सुगम करने में सहयोग करने का आग्रह किया।
भ्रमण के दौरान बारादरी चौराहे पर लोडिंग ऑटो एवं अन्य वाहन जो अनाधिकृत रूप से पार्क हो रहे हैं, उन्हें हटाने की कार्रवाई के निर्देश भी यातायात पुलिस को दिए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे चौराहे के आसपास जहां भी यातायात में बाधक अस्थायी बाधाएं हैं उन्हें दूर करें, इसके साथ ही जिन दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान के बाहर सामान रखकर व्यवसाय किया जा रहा है उन्हें समझाइश दें। समझाइश के पश्चात भी न मानने पर सख्त कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अशोक चौहान, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री मुनीष सिंह सिकरवार, डीएसपी ट्रैफिक श्री अजीत सिंह चौहान सहित पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/001/25



