Skip to main content

Aaj Tak24x7

लश्कर क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण: प्रभारी मंत्री सिलावट ने दिए तेजी से काम पूर्ण करने के निर्देश

ग्वालियर, 28 अप्रैल 2025।
जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को उद्यानिकी एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के साथ लश्कर क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हनुमान बांध, भूमिगत चैनल, मेहराव साहब की तलैया और क्षेत्र की अन्य पारंपरिक जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार कार्यों में आ रही बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर कर कामों में तेजी लाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत हो रहे यह कार्य बरसात से पहले हर हाल में पूर्ण किए जाएं।

हनुमान बांध की बावड़ी के जीर्णोद्धार के लिए 1.69 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार किया गया है। मंत्री सिलावट ने टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही गिरवाई पुलिस चौकी के पास स्टॉप डैम निर्माण और मेहराव साहब की तलैया की सफाई का काम जल्द शुरू करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्रीद्वय ने महाराज बाड़ा स्थित शासकीय मुद्रणालय, इण्डस्ट्रीज म्यूजियम, छत्री मंडी स्टेडियम और एलीवेटेड रोड द्वितीय चरण के कार्यों का भी जायजा लिया। प्रभारी मंत्री ने मुद्रणालय के शेष कार्य 15 जून तक पूर्ण करने और म्यूजियम में पारंपरिक औद्योगिक विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

एलीवेटेड रोड के द्वितीय चरण के कार्यों को समय-सीमा से पूर्व गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। गोल पहाड़िया क्षेत्र में हॉकर्स जोन का निरीक्षण करते हुए सिलावट ने क्षेत्रीय सड़कों पर लगने वाले ठेलों को नियोजित ढंग से हॉकर्स जोन में स्थानांतरित करने के लिए ठेला चालकों की बैठक बुलाने को कहा।

तिघरा रोड के निरीक्षण के दौरान सड़क धंसाव रोकने और किनारे बसे लोगों को सड़क से सुरक्षित दूरी पर निर्माण करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।

छत्री मंडी स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान मंत्रीद्वय ने मैदान को हरा-भरा बनाने, जिम को फिर से शुरू कराने और भविष्य में एस्ट्रोटर्फ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

इसी क्रम में छत्री मंडी के पीछे पुरानी व्यायामशाला के जीर्णोद्धार और जनकगंज डिस्पेंसरी की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।

लश्कर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री सिलावट व मंत्री कुशवाह ने छत्री सब्जी मंडी का भी निरीक्षण कर विक्रेताओं की समस्याएं सुनीं और स्मार्ट जन सुविधा केन्द्र की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघप्रिय समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

मौसम का हाल

मौसम डेटा स्रोत: https://weatherlabs.in