आईपीएल क्रिकेट पर मोबाइल के द्वारा ऑनलाईन सट्टा लगा रहे 02 सट्टेबाजों को पुलिस ने छत्री मंडी मैदान के पास से पकड़ा
ग्वालियर 01.05.2025 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे सटोरियों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में थाना जनकगंज पुलिस को दिनांक 01.05.2024 की दरमियानी रात को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत छत्री मंडी मैदान के बाहर दो व्यक्ति मोबाइल फोन से आईपीएल क्रिकेट मैच पर हार जीत का दांब लगाकर सट्टा खेल रहे हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक शहर(पश्चिम) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान को थाना जनकगंज पुलिस टीम से मुखबिर सूचना की तस्दीक कर आईपीएल क्रिकेट पर हार जीत का दाब लगाकर सट्टा खेल रहे सटोरियों के खिलाफ कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी लश्कर श्री मनीष यादव के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जनकगंज निरी0 अतुल सोलंकी के द्वारा थाना बल टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही करने हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को छत्री मंडी मैदान के बाहर मंदिर की सीढी पर मुखबिर के बताये हुलिये के दो व्यक्ति मोबाइल चलाते हुये बैठे दिखे, जिन्होेने पुलिस टीम को देखकर भगाने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उन्हेे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये दोनों व्यक्तियों से नाम व पता पूछने पर उन्होने स्वयं को बावन पायगा नई सडक जिला ग्वालियर का रहने वाला बताया। पकड़े गये दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर पहले व्यक्ति के हाथ में एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल मिला जिसमें ऑनलाइन आईपीएल सट्टा की बैटगुरू साइट पर गिर्राज भाईजी नाम की आईडी खुली हुई मिली जिसमें लाखों रूपये की लिमिट पाई गई एवं उसकी पेन्ट की जेब से 06 अंक लिखित मैच की सट्टा पर्ची व 2600 रुपये नगद मिले एवं दूसरे व्यक्ति के पास से एक आई फोन एप्पल कंपनी का मिला जिसके वाट्सएप पर आईपीएल क्रिकेट मैच की आईडी खुली मिली व उसकी पेन्ट की जेब से 1200 रुपये नगद मिले। पकड़े गये दोनों व्यक्तियों से उक्त आईडी के संबंध में पूछताछ की गई तो उनके द्वारा उक्त आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा लगाना स्वीकार किया। पकड़े गये दोनों सटोरियों का यह कृत्य धारा 4(क) जुआ एक्ट का दंडनीय होने से दोनों के पास से मिले दो मोबाइल, 06 अंक लिखी मैच की सट्टा पर्ची व 3,800/-रूपये नगद विधिवत जप्त किये गये। पकड़े गये दोनों सटोरियों के खिलाफ थाना जनकगंज में अप0क्र0-226/25 धारा 4(क) पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
बरामद मशरूका:- दो मोबाइल, 06 अंक लिखी मैच की सट्टा पर्ची व 3,800/-रूपये नगद।
सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी जनकगंज निरी0 अतुल सोलंकी, प्र.आर0 रामकिशोर गोयल, विद्याचरण शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, सागर सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।


