औरैया 18 मई 2025– सभापति संसदीय अध्ययन समिति डॉ0 सुरेंद्र चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में संसदीय समिति द्वारा निर्धारित एजेंडा बिंदुओं की जनपद औरैया, इटावा एवं फर्रुखाबाद के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए शासन द्वारा संचालित विकास कार्यों/ जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में अवगत कराते हुए पात्रता के अनुरूप लाभान्वित कराये जिससे वह अपने जीवन स्तर को ऊपर उठा सके और शासन की मंशानुरूप योजना की उद्देश्य पूर्ति भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि आप सभी को जिस रूप में जो भी कार्य करने का अवसर मिला है उसकी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करते हुए जरूरतमंद को उनका सहयोग कर यादगार पल बनाएं। मा0 सभापति ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी लाभपरक योजनाओं का आमजन में अधिकाधिक प्रचार प्रसार करते हुए लोगों को जागरूक करें जिससे वह पात्रता के अनुरूप योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन आदि की कार्रवाई कर आगे बढ़ सकें। उन्होंने विभागवार कार्यों की विस्तार पूर्वक समीक्षा की और निर्देश दिए कि ऐसे संदर्भ जिनको माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया जाता है/ पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाता है उन्हें विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ निस्तारण करें इसके लिए यह भी देखा जाए कि प्राप्त संदर्भ की तिथि, कार्य का निष्पादन तथा की गई कार्यवाही से संबंधित को अवगत कराने की तिथि संबंधी पंजिका अवश्य रखी जाए जिसमें इसका पूर्ण विवरण सही व सुस्पष्ट अंकित करें जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि प्राप्त कार्य को संज्ञान में आने के उपरांत कब पूर्ण कर अवगत कराया गया जिससे माननीय जन प्रतिनिधि को यह न रहे कि उनके द्वारा बताए गए प्रस्तावित कार्य की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि कार्य को सदन में अवगत कराने/ निर्धारित समय में किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए ताकि उसे सदन की अवहेलना समझ कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए सके।
मा0 सभापति डॉ0 चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं में और बेहतर कार्य करने का प्रयास करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य सेवा का लाभ प्राप्त कर सके और वह स्वस्थ जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वस्थ और आर्थिक रूप से सही होगा तो वह स्वत: ही विकास की ओर अग्रसर रहेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि सीएचसी/पीएचसी तथा चिकित्सालय पर सूचना पट्ट स्थापित किए जाएं और उन पर दवाओं की प्रतिदिन के हिसाब से उपलब्धता भी अंकित की जाए साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि दवा को बाहर से क्रय करने हेतु न लिखा जाए। उन्होंने उपकरणों को संचालित किए जाने हेतु तैनात कार्मिकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक चिकित्सा के संबंध में आमजन को कैंप लगाकर जागरुक करने को कहा।
बैठक में समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड औरैया, प्रधानाचार्य पॉलिटेक्निक इटावा/ औरैया, आबकारी अधिकारी फर्रुखाबाद तथा दुग्ध विकास विभाग फर्रुखाबाद/ इटावा के विभागीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर मा0 सभापति द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए दो दिन में स्पष्टीकरण प्राप्त कर समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित को दिए। उन्होंने कहा कि समिति के समीक्षा के दौरान समीक्षा पुस्तिका में एजेंडा बिंदुओं का सही व सुस्पष्ट पूर्ण विवरण (जनप्रतिनिधि का नाम, पत्र प्राप्ति की तिथि, कार्य, कार्य करने के संबंध में की गई कार्रवाई तथा पूर्ण होने की तिथि से अवगत कराने की तिथि) अंकित की जाए जिससे समीक्षा के दौरान की जाने वाली कार्यवाही से अवगत हुआ जा सके। उन्होंने आज की पुस्तिका में पूर्ण विवरण अंकित न होने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि भविष्य में यदि पुर्नावृति होती है तो संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई की जाएगी।।
बैठक में शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करने, छात्र-छात्राओं के आधिकाधिक पंजीकरण करने हेतु अभिभावकों से संपर्क करने तथा उपस्थिति के साथ-साथ अध्यापकों की उपस्थिति व परिसर की साफ सफाई बेहतर करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त करके आज के नवनिहाल भारत का भविष्य बनेंगे इसलिए उनकी शिक्षा पर सभी को ध्यान देना है इसलिए हम सभी की ड्यूटी भी है और नैतिक जिम्मेदारी भी। बैठक में जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत पेयजलापूर्ति हेतु डाली गई पाइपलाइन के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, गालियों, खड़ंजा, सीसी रोड को विभागीय अधिकारी बनवाते हुए पूर्ण स्थिति में करें साथ ही अवशेष कार्य टंकी, पाइपलाइन, टोटी लगाने आदि को शीघ्र पूर्ण करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सड़क किनारे पड़ी अपनी भूमि का समय-समय पर निरीक्षण करें और यदि किसी के द्वारा उस पर अवैध कब्जा किया जाता है तो समय रहते चिन्हित कर रुकवाएं/ हटवाए। उन्होंने जिला पूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि यदि किसी कारणवश कोई राशन प्राप्त करने वाला राशन लेने में असमर्थ है वह हस्ताक्षर अथवा अंगूठा नहीं लगा पता है तो उसे नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें जिससे उसे 2 जून का खाना उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी विकास कार्यों को कराए जाने के लिए जनप्रतिनिधि से सुझाव लिए जाएं तथा उनसे संपर्क में रहते हुए समय-समय पर आयोजित होने वाले शिलान्यास /उद्घाटन आदि में आमंत्रित आदि भी किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने आस्वस्त किया कि सदन में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा और अनुपस्थित अधिकारियों के स्पष्टीकरण लेकर समिति को प्रेषित किए जाएंगे साथ ही यह प्रयास रहेगा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को हर संभव सहयोग/ योजना का लाभ देकर अग्रिम पंक्ति के करीब लाया जाएगा
बैठक में मा0 सदस्य संसदीय अध्ययन समिति किरन पाल कश्यप, अनुसचिव एवं समिति अधिकारी विनोद कुमार यादव, समीक्षा अधिकारी सौरभ दीक्षित, अपर निजी सचिव विकास यादव, प्रतिवेदक अभय सिंह, सदर विधायक श्रीमती गुड़िया कठेरिया,जिलाधिकारी डा0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, जिलाधिकारी इटावा सुभ्रांत कुमार शुक्ल, बरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) महेंद्र पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद, मुख्य चिकित्साधिकारी इटावा/औरैया/फर्रुखाबाद, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



